शुभेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड में बड़ी कामयाबी, यूपी और बिहार से तीन आरोपी दबोचे गए
टोल प्लाजा पर ऑनलाइन पेमेंट की एक गलती ने आरोपियों को पहुंचाया सलाखों के पीछे बिहार के बक्सर और यूपी से पकड़े गए संदिग्ध, देर रात बंगाल पुलिस लेकर पहुंची कोलकाता 6 मई की रात नॉर्थ 24 परगना में सरेआम फायरिंग कर की गई थी चंद्रनाथ रथ की हत्या

Shubhendu’s Pa murder: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ की बेरहमी से हुई हत्या के मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। सूत्रों की मानें तो बंगाल पुलिस ने इस हत्याकांड के तार जोड़ते हुए बिहार के बक्सर और उत्तर प्रदेश से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस अब इन तीनों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि इस हाई-प्रोफाइल मर्डर में इनकी असल भूमिका क्या थी।
एक छोटी सी गलती से हत्थे चढ़े कातिल
एसआईटी के सूत्रों का कहना है कि इन आरोपियों तक पहुंचने में तकनीक ने बड़ी मदद की। दरअसल, वारदात को अंजाम देकर भाग रहे एक आरोपी ने टोल प्लाजा पर ऑनलाइन पेमेंट कर दिया था, जिससे पुलिस को उनकी लोकेशन का सटीक इनपुट मिल गया। इसी सुराग का पीछा करते हुए पुलिस ने बिहार और यूपी में छापेमारी की और देर रात तीनों को बंगाल ले आई। पुलिस जल्द ही इस पूरे मामले और हत्या के पीछे की असली वजह को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकती है।
Shubhendu’s Pa murder: सरेआम गोलियों से भूना गया था शरीर
पश्चिम बंगाल में चुनावी शोर थमने के बाद राजनीतिक हिंसा का दौर एक बार फिर शुरू हो गया है। इसी हिंसा का शिकार हुए शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ। 6 मई की रात करीब 10:30 बजे जब चंद्रनाथ नॉर्थ 24 परगना स्थित अपने घर लौट रहे थे, तभी एक कार ने उनका रास्ता रोका और उन पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए थे।
बढ़ती राजनीतिक हिंसा ने खड़े किए सवाल
Shubhendu’s Pa murder: राज्य में चुनाव परिणाम आने के बाद से जिस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं, उसने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मुख्यमंत्री के बेहद करीबी शख्स की इस तरह सरेआम हत्या ने पूरे महकमे में हड़कंप मचा दिया था। अब इन तीन गिरफ्तारियों के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि इस साजिश के पीछे छिपे असली चेहरों का पर्दाफाश जल्द हो जाएगा।
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु में महिला सुरक्षा के लिए सीएम विजय का बड़ा कदम



