क्या थम जाएगी अनंत सिंह की चुनावी दौड़? दुलारचंद हत्याकांड में गिरफ्तारी से मोकामा में बढ़ा सियासी तूफान
मोकामा में जनसुराज समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या के बाद जेडीयू प्रत्याशी अनंत सिंह को गिरफ्तार किया गया। FIR में नाम आने और आयोग के दबाव के बीच यह कार्रवाई हुई। गिरफ्तारी से मोकामा की सियासत में उबाल आ गया है।

मोकामा: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मोकामा से जेडीयू प्रत्याशी अनंत सिंह की गिरफ्तारी ने सियासी हलचल तेज कर दी है। दुलारचंद यादव हत्याकांड में नाम आने के बाद चुनाव आयोग के निर्देश पर कार्रवाई हुई है। अब सवाल है—क्या उनकी चुनावी किस्मत यहीं थम जाएगी?
बाहुबली नेता की गिरफ्तारी से जेडीयू को झटका
बिहार की राजनीति के चर्चित चेहरों में शामिल बाहुबली अनंत सिंह को पुलिस ने गुरुवार रात गिरफ्तार कर लिया। वह मोकामा से एनडीए समर्थित जेडीयू प्रत्याशी थे। पिछली बार सजा के कारण उनकी विधायकी गई थी। उपचुनाव में उनकी पत्नी नीलम देवी विधायक बनीं। इस बार हाईकोर्ट से बरी होकर वे फिर मैदान में लौटे थे, लेकिन दुलारचंद यादव हत्याकांड में नाम आने से उनकी उम्मीदों पर विराम लग गया।
दुलारचंद हत्याकांड: भिड़ंत से लेकर गोली और कुचलने तक
मोकामा टाल इलाके में जनसुराज पार्टी प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या के बाद तनाव फैल गया। आरोप है कि प्रचार के दौरान अनंत सिंह के काफिले से झड़प हुई और उनके समर्थकों ने दुलारचंद को गोली मारने के बाद गाड़ी से कुचल दिया। दुलारचंद के पोते ने प्राथमिकी में अनंत सिंह को सीधे नामजद किया, जबकि अनंत समर्थकों ने भी पलटकर केस दर्ज कराया।
चुनाव आयोग के आदेश पर गिरफ्तारी, बढ़ा तनाव
हत्या के बाद मोकामा में हालात बिगड़ गए। अंतिम यात्रा के दौरान भी हिंसा हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने की पुष्टि के बाद चुनाव आयोग के निर्देश पर बिहार पुलिस ने देर रात बाढ़ के कारगिल मार्केट से अनंत सिंह को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के समय पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा भी मौजूद थे। अब इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात हैं।



