ईरान के यूरेनियम भंडारों पर ट्रंप की खुली धमकी, बोले- पास भी फटके तो सीधे उड़ा देंगे
सीजफायर के बीच ट्रंप का बड़ा बयान, ईरान के शांति प्रस्ताव को ठुकरा कर दी सैन्य एक्शन की चेतावनी स्पेस फोर्स रखेगी यूरेनियम ठिकानों पर नज़र, घुसपैठ करने वालों की कुंडली निकालने का किया दावा ईरान को बताया हारा हुआ देश, कहा- परमाणु ठिकानों के पास जाने वालों का नाम-पता तक बता देगी अमेरिकी सेना

Iran crisis: मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच फिलहाल सीजफायर तो चल रहा है, लेकिन हवाओं में बारूद की गंध अभी भी बाकी है। हालात देखकर यह कहना मुश्किल है कि यह शांति कब तक टिक पाएगी। दोनों देशों के बीच युद्ध खत्म करने के लिए कोई ठोस समझौता नहीं हो पाया है। खबर है कि ईरान ने पाकिस्तान के जरिए अमेरिका को एक शांति प्रस्ताव भेजा था, जिसे राष्ट्रपति ट्रंप ने सीधे तौर पर ठुकरा दिया। इस बीच डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को बेहद खतरनाक चेतावनी देते हुए साफ कर दिया है कि अगर किसी ने भी ईरान के यूरेनियम भंडारों की तरफ कदम बढ़ाया, तो अमेरिका उसे सीधे उड़ा देगा।
यूरेनियम भंडारों पर ट्रंप की पैनी नज़र
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि वे ईरान के यूरेनियम भंडारों की एक-एक गतिविधि पर कड़ी नज़र रख रहे हैं। उन्होंने दो टूक चेतावनी दी है कि इन ठिकानों के पास पहुंचने की किसी भी कोशिश का जवाब तुरंत सैन्य कार्रवाई से दिया जाएगा। एक इंटरव्यू के दौरान ट्रंप ने दावे के साथ कहा कि अगर इन भंडारों की सुरक्षा के साथ कोई भी छेड़छाड़ होती है, तो अमेरिकी सेना के पास उन्हें पूरी तरह तबाह करने की ताकत और आदेश दोनों हैं। ट्रंप ने ईरान को एक हारा हुआ देश बताते हुए कहा कि उसकी हमला करने और बचाव करने की क्षमताओं को सिस्टमैटिक तरीके से खत्म किया जा चुका है।
Iran crisis: स्पेस फोर्स कर रही है पल-पल की निगरानी
ईरान की घेराबंदी को लेकर ट्रंप ने अपनी ‘स्पेस फोर्स’ का खास जिक्र किया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने जिस स्पेस फोर्स का गठन किया है, वह आसमान से ईरान के परमाणु ठिकानों पर चौबीसों घंटे पहरा दे रही है। ट्रंप के मुताबिक, अगर कोई भी संदिग्ध उन ठिकानों के पास फटकता है, तो अमेरिका को तुरंत उसकी जानकारी मिल जाएगी। अमेरिकी खुफिया जानकारी की ताकत का लोहा मनवाते हुए ट्रंप ने यहां तक कह दिया कि अगर कोई अंदर घुसने की कोशिश करता है, तो स्पेस फोर्स उस शख्स का नाम, पता और बैज नंबर तक निकाल सकती है।
खतरनाक मोड़ पर अमेरिका और ईरान की जंग
Iran crisis: ट्रंप के इन कड़े तेवरों से साफ है कि वे ईरान को किसी भी कीमत पर परमाणु शक्ति के करीब नहीं जाने देना चाहते। पाकिस्तान के जरिए आए शांति प्रस्ताव को खारिज करने के बाद अब सैन्य कार्रवाई की धमकी ने मिडिल ईस्ट में तनाव को चरम पर पहुंचा दिया है। अमेरिका ने स्पष्ट कर दिया है कि घुसपैठ की कोई भी कोशिश सीधे तौर पर तबाही को न्योता देगी। अब पूरी दुनिया की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि ट्रंप की इस खुली धमकी के बाद ईरान का अगला कदम क्या होगा।
यह भी पढ़ें: शुभेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड में बड़ी कामयाबी, यूपी और बिहार से तीन आरोपी दबोचे गए



