तमिलनाडु में महिला सुरक्षा के लिए सीएम विजय का बड़ा कदम
मुख्यमंत्री ने महिलाओं और युवाओं को नशे से बचाने के लिए बनाई स्पेशल फोर्स शेरनी जैसी ताकत वाली यह टीम हर जिले में तैनात होकर करेगी त्वरित कार्रवाई स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता फैलाने के साथ ड्रग माफिया पर होगा सीधा प्रहार

Tamilnadu politics: तमिलनाडु की सत्ता संभालते ही मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने अपने चुनावी वादे को हकीकत में बदलते हुए महिलाओं की सुरक्षा के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने ‘सिंगापेन सिरुम्बू’ नाम से एक विशेष एंट्री ड्रग फोर्स के गठन का आदेश जारी कर दिया है। सीएम विजय का साफ कहना है कि यह बल महिलाओं से जुड़ी हर शिकायत पर बिना देरी किए तुरंत एक्शन लेगा। मुख्यमंत्री के इस निर्देश के बाद राज्य पुलिस विभाग ने फोर्स को जमीन पर उतारने की तैयारी पूरी कर ली है।
ड्रग माफिया पर सीधा प्रहार
इस फोर्स की सबसे बड़ी जिम्मेदारी युवाओं और महिलाओं को नशे के दलदल से बाहर निकालना है। यह टीम ड्रग माफिया के नेटवर्क को तोड़ने और नशीली दवाओं की सप्लाई रोकने के लिए विशेष अभियान चलाएगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
Tamilnadu politics: यौन अपराधों पर लगाम
राज्यभर में महिलाओं के खिलाफ होने वाले यौन अपराधों को रोकने के लिए यह फोर्स एक एकीकृत सिस्टम के तहत काम करेगी। इसका मकसद अपराधियों में खौफ पैदा करना और पीड़ित महिलाओं को जल्द से जल्द न्याय दिलाना है। यह पूरी यूनिट सीधे तौर पर महिला सुरक्षा के मामलों की निगरानी करेगी।
Tamilnadu politics: महिला पुलिसकर्मियों को विशेष अधिकार
सिंगापेन सिरुम्बू की खास बात यह है कि इसमें मुख्य रूप से महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इन जांबाज अधिकारियों को अपराधियों के खिलाफ सख्त और सीधी कार्रवाई करने के लिए विशेष शक्तियां दी गई हैं, ताकि वे मौके पर ही प्रभावी कदम उठा सकें।
जागरूकता और शिक्षा का मिशन
यह बल केवल अपराधियों को पकड़ने तक सीमित नहीं रहेगा। इसकी टीमें स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक जगहों पर जाकर महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगी। इसके जरिए समाज में एक ऐसा माहौल बनाने की कोशिश है जहां महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।
हर जिले में तैनात होगी फोर्स
मुख्यमंत्री विजय के आदेश के अनुसार, इस विशेष बल को तमिलनाडु के हर जिले में स्थापित किया जा रहा है। पुलिस महानिदेशक ने सरकार से हरी झंडी मिलने के बाद इसकी आधिकारिक प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि अपराधों को जड़ से खत्म किया जा सके।
क्या है नाम का खास मतलब
Tamilnadu politics: तमिल भाषा में ‘सिंगापेन’ का मतलब शेरनी होता है और ‘सिरुम्बू’ का अर्थ चींटी है। इस नाम के पीछे की सोच यह है कि यह बल भले ही आकार में छोटा लगे, लेकिन इसकी ताकत और काम करने का तरीका शेरनी जैसा आक्रामक और चींटी जैसा अनुशासित होगा।
यह भी पढ़ें: ED Action On Sanjeev Arora: कंपनी के दावों से घिरी जांच, पंजाब में गरमाई राजनीति



