सत्ता संभालते ही एक्शन में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, कानून-व्यवस्था सुधारने के लिए कसी कमर
सीएम बनते ही एक्शन में शुभेंदु, पुलिस के बड़े अफसरों के साथ कानून-व्यवस्था पर की मंथन नबन्ना में सोमवार को सभी एसपी और डीजी के साथ बड़ी बैठक, सुरक्षा और महिला सुरक्षा प्राथमिकता जनहित की पुरानी योजनाएं रहेंगी जारी, राइटर्स बिल्डिंग को फिर से सचिवालय बनाने की तैयारी तेज

West bengal: पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री के तौर पर कमान संभालते ही शुभेंदु अधिकारी पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। शपथ लेने के तुरंत बाद उन्होंने राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को अपनी पहली प्राथमिकता बनाया है। इसी सिलसिले में उन्होंने मुख्य सचिव, डीजीपी और राज्य के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की। मुख्यमंत्री ने साफ कर दिया है कि राज्य में कानून का राज स्थापित करना उनकी सरकार का मुख्य लक्ष्य है और उन्होंने अधिकारियों को मौजूदा हालात पर पैनी नजर रखने के सख्त निर्देश दिए हैं।
प्रशासनिक सक्रियता और सोमवार को बड़ी बैठक
प्रशासनिक मशीनरी को और रफ्तार देने के लिए मुख्यमंत्री सोमवार शाम 5 बजे नबन्ना में एक बड़ी बैठक करने जा रहे हैं। इस बैठक में राज्य के सभी डीजी, सीपी और जिलों के एसपी शामिल होंगे। पुलिस महकमे के साथ होने वाली इस पहली आधिकारिक मुलाकात में चुनाव के बाद की हिंसा को रोकने और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने जैसे गंभीर मुद्दों पर रणनीति तैयार की जाएगी। मुख्यमंत्री कार्यालय से मिल रहे संकेतों के मुताबिक, नई सरकार सुरक्षा मानकों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है।
West bengal: जनता की योजनाओं और सचिवालय पर निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ चर्चा के दौरान पिछली सरकार द्वारा चलाई जा रही जनहित की योजनाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने मुख्य सचिव को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आम लोगों के फायदे से जुड़ी कोई भी योजना रुकनी नहीं चाहिए और उनका लाभ जनता को मिलता रहना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने राइटर्स बिल्डिंग के मरम्मत कार्य की भी समीक्षा की, जिसे भविष्य में फिर से राज्य सचिवालय के रूप में इस्तेमाल करने की योजना है। प्रशासन को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए सीएम ने अपनी टीम में अनुभवी चेहरों को जगह दी है।
नई टीम और महत्वपूर्ण नियुक्तियां
West bengal: सरकार के कामकाज को सुचारू रूप से चलाने के लिए रिटायर्ड आईएएस अधिकारी सुब्रत गुप्ता को मुख्यमंत्री का सलाहकार नियुक्त किया गया है। सुब्रत गुप्ता के पास प्रशासन का लंबा अनुभव है, जिसका लाभ नई सरकार को मिलेगा। वहीं, 2017 बैच के तेजतर्रार आईएएस अधिकारी शांतनु बाला को मुख्यमंत्री का निजी सचिव बनाया गया है। शांतनु इससे पहले दक्षिण 24 परगना में एडीएम के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। इन बदलावों के जरिए मुख्यमंत्री कार्यालय को और अधिक सशक्त और जवाबदेह बनाने की कोशिश की गई है।
यह भी पढ़ें: मिडिल ईस्ट में युद्ध के बादल, अमेरिकी कार्रवाई के बाद होर्मुज में तनाव चरम पर



