बिना लाइसेंस गाड़ियां बेच रहा था TATA Motors का शोरूम, 21 कारें सीज
बिना लाइसेंस धंधा, बड़ा खुलासा, 2 महीने में 33 गाड़ियों की अवैध बिक्री, परिवहन विभाग का सख्त एक्शन

Rajasthan: राजस्थान के सवाई माधोपुर में बड़ा एक्शन देखने को मिला है, जहां परिवहन विभाग ने नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले TATA Motors के एक शोरूम पर ताला जड़ दिया। करमोदा स्थित इस शोरूम को सीज करने के साथ ही वहां खड़ी 21 गाड़ियों को भी जब्त कर लिया गया। शुरुआती जांच में सामने आया कि शोरूम बिना जरूरी ट्रेड सर्टिफिकेट और अधिकार पत्र के धड़ल्ले से गाड़ियां बेच रहा था।
कैसे पकड़ा गया पूरा खेल?
जिला परिवहन अधिकारी अजीत सिंह के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में खुलासा हुआ कि शोरूम संचालक न सिर्फ बिना अनुमति गाड़ियां बेच रहा था, बल्कि अवैध तरीके से वर्कशॉप चलाकर सर्विस भी दे रहा था। निरीक्षक हनुमान मीणा के मुताबिक, गाड़ियों का टैक्स भी दूसरे शोरूम के नाम पर एडजस्ट किया जा रहा था, जो साफ तौर पर नियमों का उल्लंघन है।
Rajasthan: दो महीने में 33 गाड़ियां बेचीं, सरकार को नुकसान
जांच में यह भी सामने आया कि मार्च और अप्रैल 2026 के बीच शोरूम से 33 गाड़ियां बिना ट्रेड टैक्स और अधिकार पत्र के बेच दी गईं। इतना ही नहीं, पिछले महीने ही 45 गाड़ियां मध्य प्रदेश में भी बेची गईं। जबकि शोरूम को न तो बिक्री की अनुमति थी और न ही सर्विस देने का अधिकार। अब तक 148 गाड़ियों की सर्विस भी अवैध रूप से की जा चुकी है, जिससे सरकार को भारी राजस्व नुकसान हुआ है।
Rajasthan: 21 कारें जब्त, पूरा रिकॉर्ड कब्जे में
कार्रवाई के दौरान शोरूम में खड़ी 21 कारों को सीज कर दिया गया है। साथ ही वर्कशॉप और पूरे शोरूम को भी बंद कर दिया गया है। अधिकारियों ने मौके से सभी दस्तावेज और रिकॉर्ड भी जब्त कर लिए हैं। शोरूम संचालक को साफ निर्देश दिए गए हैं कि अगली सूचना तक न तो गाड़ियां बेची जाएंगी और न ही शोरूम में लाई जाएंगी।
पहले भी लगा था 8 लाख का जुर्माना
Rajasthan: इससे पहले भी शोरूम की एक बिना रजिस्ट्रेशन वाली गाड़ी पकड़ी गई थी, जिस पर 8 लाख रुपये का चालान किया गया था। हैरानी की बात ये है कि यह जुर्माना अब तक जमा नहीं कराया गया। इसके बाद ट्रेड सस्पेंशन की कार्रवाई के लिए नोटिस भी भेजा गया था, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
यह भी पढ़ें: शादी के लिए ‘पुलिसवाला’ बना युवक! पोस्टर लगाकर किया फर्जी दावा



