बेंगलुरु में कुदरत का कहर: बारिश से बचने के लिए दीवार के नीचे खड़े थे लोग, अचानक मलबे में दबीं 7 जिंदगी
दीवार गिरने से 7 की मौत, 3 बच्चे भी शामिल बारिश से बचने के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा CM ने मुआवजा और जांच के दिए आदेश

Bengluru accident: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक ऐसी खबर आई है जिसने सबको सुन्न कर दिया है। शहर के बॉवरिंग और लेडी कर्जन अस्पताल के पास एक पुरानी दीवार मौत बनकर गिर पड़ी। इस दर्दनाक हादसे में 7 लोगों ने अपनी जान गंवा दी, जिनमें 3 छोटे बच्चे भी शामिल थे। जिस बारिश से बचने के लिए ये लोग वहां रुके थे, वही बारिश उनके लिए काल बन जाएगी, इसका अंदाजा किसी को नहीं था। पूरे इलाके में इस वक्त सिर्फ सन्नाटा और गम का माहौल है।
बारिश से बचने की कोशिश और मौत का साया
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बुधवार को बेंगलुरु में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हो रही थी। सड़क किनारे रेहड़ी-पटरी पर काम करने वाले कुछ लोग खुद को भीगने से बचाने के लिए एक कंपाउंड की दीवार के पास जाकर खड़े हो गए। तभी अचानक वह दीवार भरभराकर गिर गई। मलबे का वजन इतना ज्यादा था कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला और 7 लोगों की सांसें वहीं थम गईं।
Bengluru accident: अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज
मलबे के नीचे सिर्फ मौत ही नहीं, कई लोग जिंदगी की जंग भी लड़ रहे थे। हादसे में 7 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें फौरन पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, फिलहाल सभी घायलों की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। प्रशासन की टीमें अब भी मौके पर मौजूद हैं ताकि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा सकें।
Bengluru accident: सीएम सिद्धारमैया ने थामी मदद की कमान
हादसे की खबर मिलते ही कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया खुद ग्राउंड जीरो पर पहुंचे। उन्होंने वहां के हालात देखे और इस घटना पर गहरा दुख जताया। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों के लिए 5-5 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है। साथ ही उन्होंने साफ कर दिया है कि इस हादसे की गहराई से जांच होगी कि आखिर दीवार गिरने की असली वजह क्या थी और क्या इसमें किसी की लापरवाही शामिल है।
डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने भी लिया जायजा
Bengluru accident: उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने भी घटना को लेकर पुलिस कमिश्नर से रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने कहा कि सरकार दुख की इस घड़ी में परिवारों के साथ खड़ी है और हर मुमकिन मदद पहुंचाई जाएगी। उधर, उडुपी से भी एक दुखद खबर आई जहां एक बस और टैंकर की टक्कर में 3 लोगों की मौत हो गई। मुरुदेश्वर से उडुपी जा रही इस बस में करीब 47 लोग सवार थे। कर्नाटक के लिए यह बुधवार वाकई हादसों भरा साबित हुआ।
यह भी पढ़ें: ऊना में दिल दहला देने वाला हादसा: खाई में गिरी कार बनी आग का गोला



