बेंगलुरु की खौफनाक रात: धू-धू कर जला गर्ल्स पीजी, जान बचाने के लिए तीसरी मंजिल से कूदीं लड़कियां

बेंगलुरु के नंदिनी लेआउट में आधी रात को पीजी में लगी भीषण आग, जान बचाने के लिए लड़कियों ने लगाई छलांग। पास की दुकान में शॉर्ट सर्किट से भड़की लपटें देखते ही देखते चार मंजिला इमारत तक जा पहुंचीं। स्थानीय लोगों और दमकल की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा, 30 से ज्यादा युवतियों को सुरक्षित निकाला गया।

Bengluru fire: बेंगलुरु में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात किसी बुरे सपने जैसी थी। जब पूरा शहर सो रहा था, तब नंदिनी लेआउट इलाके के एक गर्ल्स पीजी में अचानक आग लग गई। लपटें इतनी तेज थीं और धुआं इतना काला कि बाहर निकलने वाले सारे रास्ते बंद हो गए। पीजी के अंदर रह रही लड़कियों के बीच चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। जान बचाने का कोई रास्ता न देख कई लड़कियों ने खिड़कियों से नीचे कूदना शुरू कर दिया। इस पूरी घटना का रोंगटे खड़े कर देने वाला सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

कैसे शुरू हुआ मौत का तांडव?

जांच में पता चला कि यह हादसा रविवार रात करीब पौने एक बजे हुआ। पीजी के बगल में ही एक एलईडी बैनर की दुकान थी, जिसकी वायरिंग में शॉर्ट सर्किट हुआ। चिंगारी ने देखते ही देखते आग का रूप ले लिया और लपटें बगल की चार मंजिला पीजी इमारत की तरफ बढ़ने लगीं। कुछ ही मिनटों में पूरी बिल्डिंग आग की चपेट में आ गई। उस वक्त वहां 30 से ज्यादा लड़कियां मौजूद थीं। जैसे ही आग फैली, लड़कियों के पास अपनी जान बचाने के लिए ऊपर से कूदने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा था।

 Bengluru fire: देवदूत बनकर आए स्थानीय लोग

फुटेज में साफ दिख रहा है कि लड़कियां घबराहट में नीचे कूद रही हैं। गनीमत यह रही कि नीचे मौजूद स्थानीय लोगों और समय पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभाल लिया था। लोगों ने नीचे चादरें और गद्दे बिछाकर लड़कियों को सुरक्षित कैच किया। चश्मदीदों का कहना है कि अगर थोड़ी भी देर होती तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। पुलिस ने राहत की सांस लेते हुए पुष्टि की है कि इस पूरी घटना में किसी की जान नहीं गई है और सभी युवतियां सुरक्षित हैं।

जांच में जुटी बेंगलुरु पुलिस

Bengluru fire: इस घटना के बाद इलाके में डर का माहौल है। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर इसे शॉर्ट सर्किट की वजह माना जा रहा है, लेकिन पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या पीजी में फायर सेफ्टी के पुख्ता इंतजाम थे या नहीं। प्रशासन अब शहर के अन्य पीजी और कमर्शियल बिल्डिंग्स की भी जांच करने की तैयारी में है ताकि भविष्य में मासूम जिंदगियों को ऐसे खतरे में डाला जाए।

 

यह भी पढ़ें: यूपी में आसमान से बरस रही है आग! नोएडा-गाजियाबाद के स्कूलों का टाइम बदला

Related Articles

Back to top button