नया बंगाल शुभेंदु का शपथ ग्रहण और बड़ी नियुक्तियों से शुरू हुआ बीजेपी का राज
बंगाल में पहली बार खिला कमल, शुभेंदु अधिकारी बने मुख्यमंत्री ब्रिगेड ग्राउंड में भव्य शपथ ग्रहण, नई टीम के साथ प्रशासन में फेरबदल शुरू ममता बनर्जी की बड़ी हार, बीजेपी ने 207 सीटें जीतकर रचा इतिहास

West bengal: पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक ऐतिहासिक मोड़ आ गया है। राज्य के इतिहास में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बन गई है। शनिवार को शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर सत्ता की कमान संभाल ली है। कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड ग्राउंड में आयोजित इस भव्य समारोह के तुरंत बाद ही नई सरकार एक्शन मोड में नजर आई और प्रशासन में बड़े बदलावों का दौर शुरू हो गया है।
प्रशासनिक फेरबदल और नई नियुक्तियां
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के कुछ ही घंटों के भीतर सीएम दफ्तर में महत्वपूर्ण नियुक्तियां कर दी गई हैं। सरकार द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, आईएएस अधिकारी शांतनु बाला को मुख्यमंत्री का निजी सचिव नियुक्त किया गया है। शांतनु इससे पहले दक्षिण 24 परगना में एडीएम के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। वहीं, रिटायर्ड आईएएस अधिकारी सुब्रता गुप्ता को मुख्यमंत्री का सलाहकार बनाया गया है। खास बात यह है कि सुब्रता गुप्ता ने चुनाव के दौरान विशेष पर्यवेक्षक के रूप में अहम जिम्मेदारी निभाई थी।
West bengal: मंत्रिमंडल का विस्तार और शपथ ग्रहण
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ उनकी टीम के पांच और चेहरों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले प्रमुख नामों में दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल और निसिथ प्रमाणिक शामिल हैं। जैसे ही नई सरकार के गठन की प्रक्रिया पूरी हुई, पूरे प्रदेश में बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच जश्न का माहौल देखा गया।
चुनाव परिणाम और ऐतिहासिक जीत
West bengal: इस बार के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने एकतरफा प्रदर्शन करते हुए 294 सीटों में से 207 पर कब्जा जमाया है। पार्टी के लिए यह जीत इसलिए भी बड़ी है क्योंकि उन्हें करीब 45 प्रतिशत वोट मिले हैं। दूसरी तरफ, पिछले 15 सालों से सत्ता पर काबिज ममता बनर्जी की टीएमसी को करारा झटका लगा है और वह महज 80 सीटों पर सिमट कर रह गई है। खुद ममता बनर्जी को भवानीपुर सीट पर शुभेंदु अधिकारी के हाथों 15 हजार से ज्यादा वोटों से हार का सामना करना पड़ा है।
यह भी पढ़ें: बंगाल में हुआ ऐतिहासिक बदलाव, शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की ली शपथ



