शुभेंदु अधिकारी के पीए की सरेआम हत्या, क्या फिर सुलग उठा है पश्चिम बंगाल?

बंगाल चुनाव परिणाम के बाद फिर भड़की हिंसा की आग शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या से मचा सियासी हड़कंप बीजेपी ने टीएमसी पर लगाया बड़ी साजिश और रेकी का आरोप

West Bengal: पश्चिम बंगाल में चुनावी नतीजे आने के बाद एक बार फिर खून-खराबे का दौर शुरू हो गया है। नॉर्थ 24 परगना में नेता प्रतिपक्ष और मुख्यमंत्री पद की रेस में सबसे आगे चल रहे शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। यह वारदात कल रात करीब 10.30 से 11 बजे के बीच हुई, जब चंद्रनाथ अपने घर की ओर जा रहे थे। रास्ते में एक कार ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक किया और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में चंद्रनाथ और उनके ड्राइवर दोनों को गोलियां लगीं। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने चंद्रनाथ को मृत घोषित कर दिया, जबकि ड्राइवर अभी भी जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है।

शुभेंदु अधिकारी ने बताया हत्या का पूरा सच

इस घटना पर शुभेंदु अधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने इसे एक सोची-समझी साजिश करार देते हुए कहा कि हत्या से पहले दो-तीन दिनों तक रेकी की गई थी। उनके मुताबिक, डीजीपी ने भी शुरुआती तौर पर इसे प्री-प्लान्ड मर्डर माना है। शुभेंदु ने बंगाल की स्थिति को महा-जंगल राज बताते हुए कहा कि दिल्ली के नेतृत्व से लेकर स्थानीय विधायक तक इस दुख की घड़ी में साथ हैं। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि भाजपा अब राज्य के गुंडों का सफाया करने के लिए बड़ा अभियान छेड़ेगी।

West Bengal: गुंडागर्दी पर भाजपा उपाध्यक्ष की दो टूक

भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष अनिंद्य बनर्जी (राजू) ने भी इस हमले पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने 2021 की हिंसा का जिक्र करते हुए कहा कि तब हमारे 300 कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया गया था, लेकिन अब बर्दाश्त की हद पार हो चुकी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील तो की, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि हत्यारों को पाताल से भी खोज निकाला जाएगा। उनके लहजे से साफ है कि पार्टी इस बार झुकने के मूड में नहीं है।

West Bengal: ममता बनर्जी की हार से जोड़कर देखे जा रहे हैं तार

भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल ने इस मर्डर को राजनीतिक हार की खुन्नस बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भवानीपुर में ममता बनर्जी की हार के बाद इस तरह की हिंसा फैलाई जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस शख्स का राजनीति से सीधा लेना-देना नहीं था और जो केवल दफ्तर का काम संभालता था, उसे क्यों मारा गया? उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सिर्फ यही नहीं, बल्कि एक अन्य बूथ कार्यकर्ता पर भी चाकू से हमला हुआ है, जिससे जनता में भारी आक्रोश है।

अर्जुन सिंह का अभिषेक बनर्जी पर सीधा हमला

नोआपारा से चुनाव जीते अर्जुन सिंह ने इस मामले में सीधे तौर पर अभिषेक बनर्जी का नाम घसीटा है। अर्जुन सिंह का कहना है कि यह हत्या अभिषेक बनर्जी के इशारे पर की गई है ताकि संदेश दिया जा सके कि सरकार में न होने के बावजूद उनका दबदबा कायम है। उन्होंने विरोधियों को मूर्ख बताते हुए कहा कि इस हरकत का उन्हें करारा जवाब दिया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने दिलाया न्याय का भरोसा

West Bengal: केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने इस घटना को बेहद दुखद बताया और कहा कि पुलिस की जांच में काफी प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और साफ होगी। मजूमदार ने उम्मीद जताई कि जैसे ही राज्य में उनकी नई सरकार शपथ लेगी और मुख्यमंत्री कार्यभार संभालेंगे, वैसे ही कानून-व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त कर दिया जाएगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

 

यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव का बड़ा फैसला, यूपी चुनाव से पहले आईपैक से तोड़ा नाता

Related Articles

Back to top button