अलवर के टपूकड़ा में भीषण अग्निकांड, 7 मजदूर जिंदा जले; कई अब भी लापता

टपूकड़ा की गत्ता फैक्ट्री में सुबह भड़की भीषण आग 7 मजदूरों की जिंदा जलकर मौत, कई अब भी लापता प्रशासन ने दिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश

Rajashthan News: राजस्थान के अलवर जिले के टपूकड़ा इलाके में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक गत्ता फैक्ट्री में भीषण आग लगने से सात मजदूरों की जिंदा जलकर मौत हो गई। कई मजदूर अभी भी लापता बताए जा रहे हैं, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

 

कुछ ही मिनटों में विकराल हुई आग

सुबह करीब 9 बजे प्लॉट नंबर जी-1-118 बी स्थित निजी औद्योगिक इकाई में अचानक आग भड़क उठी। बताया जा रहा है कि हादसे के समय फैक्ट्री में करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे। सुबह 9 बजकर 22 मिनट पर पुलिस नियंत्रण कक्ष से रीको फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। देखते ही देखते आग ने भयावह रूप ले लिया और कई मजदूर अंदर ही फंस गए।

 

रेस्क्यू के दौरान मिले जले हुए शव

पुलिस और दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। राहत और बचाव कार्य के दौरान सात मजदूरों के शव बरामद किए गए। आग इतनी भीषण थी कि कई शव बुरी तरह झुलसकर कंकाल जैसी अवस्था में मिले। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया है।

 

प्रशासन ने दिए जांच के आदेश

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी, दमकल विभाग, बचाव दल और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंच गईं। पूरे क्षेत्र को घेरकर राहत कार्य चलाया गया। प्रशासन ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है और मजिस्ट्रेट जांच के संकेत दिए हैं। औद्योगिक क्षेत्र में घटना के बाद शोक और दहशत का माहौल है।

 

पुलिस का बयान

पुलिस अधीक्षक प्रशांत किरण ने सात लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। अतिरिक्त जिलाधिकारी सुमिता मिश्रा ने बताया कि नियमित गश्त के दौरान पुलिस टीम ने फैक्ट्री में आग देखी, जिसके बाद तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। उनके मुताबिक, फैक्ट्री में नौ लोग फंसे थे, जिनमें से सात के शव अब तक निकाले जा चुके हैं।

 

सीएम ने जताया दुख

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्री में आग लगने से हुई जनहानि अत्यंत दुखद है। जिला प्रशासन को राहत और बचाव कार्य के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

Related Articles

Back to top button