प्रतापगढ़ में एक रात में तीन घरों में लाखों की चोरी, हाईकोर्ट जज का आवास भी निशाने पर

एक ही रात में तीन घरों में 38 लाख की बड़ी चोरी हाईकोर्ट जज समेत शादी वाले घर को बनाया निशाना CCTV में कैद हुए चोर, पुलिस की गश्त पर उठे सवाल

Up news: प्रतापगढ़ जनपद के गोंडे गांव में बीती रात चोरों ने ऐसा दुस्साहस दिखाया कि पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बदमाशों ने एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाते हुए करीब 38 लाख रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह है कि चोरों ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के जज राजीव सिंह के आवास को भी नहीं बख्शा।

 

शादी की खुशियां मातम में बदली

सबसे ज्यादा नुकसान प्रहलाद सिंह के परिवार को हुआ है। उनके घर 24 फरवरी को शादी का कार्यक्रम होना है। शादी की तैयारियों के लिए घर में रखे गए लाखों रुपये के गहने, कीमती कपड़े और नकदी चोर उठा ले गए। बताया जा रहा है कि करीब 11 लाख रुपये का सामान चोरी हुआ है। शादी की खुशियों के बीच इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

 

सुनियोजित तरीके से वारदात

जानकारी के मुताबिक चोर घरों के पिछले हिस्से से अंदर दाखिल हुए। जज राजीव सिंह के घर से लगभग 25 लाख रुपये के जेवर और नकदी चोरी होने की बात सामने आ रही है। वहीं ग्रामीण विवेक सिंह के घर से करीब तीन लाख रुपये और प्रहलाद सिंह के यहां से करीब 11 लाख रुपये की चोरी हुई है।

 

CCTV में कैद हुए बदमाश

पूरी वारदात पास में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में संदिग्ध लोग घरों में घुसते और सामान लेकर भागते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है।

 

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और कई टीमें आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं। एक ही रात में तीन घरों में हुई इस बड़ी चोरी ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button