बेंगलुरु: केंगेरी मेट्रो स्टेशन पर शख्स ने ट्रेन के सामने कूदकर जान दी, पर्पल लाइन सेवाएं प्रभावित

केंगेरी मेट्रो स्टेशन पर शख्स ने ट्रेन के सामने कूदकर दी जान घटना के बाद पर्पल लाइन की सेवाएं कुछ समय के लिए रुकीं पीक आवर्स में यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा

बेंगलुरु के केंगेरी मेट्रो स्टेशन पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना हुई। एक व्यक्ति अचानक मेट्रो के सामने कूद गया, जिसकी वजह से पर्पल लाइन पर कुछ देर तक सेवाएं रोकनी पड़ीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वह शख्स स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहा था, लेकिन जैसे ही मेट्रो प्लेटफॉर्म पर पहुंची, वह ट्रैक पर कूद गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामला सुबह करीब 8:15 बजे का है। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा कर्मचारी और पुलिस टीम पहुंची। शव को ट्रैक से हटाकर मामले की जांच शुरू कर दी गई। पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 साल के बीच है। उसके पास न कोई पहचान पत्र मिला और न ही कोई दस्तावेज, लेकिन एक मोबाइल फोन और थोड़ा कैश मिला है।

 

कुछ समय के लिए पर्पल लाइन पर सेवाएं बंद

घटना के बाद मैसूर रोड से चल्लाघट्टा तक पर्पल लाइन की सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गईं। बाद में ट्रैक क्लियर होने के बाद सेवाएं बहाल कर दी गईं। BMRCL ने X पर जानकारी देते हुए बताया कि सुबह 9:40 बजे तक ज्ञान भारती से चल्लाघट्टा के बीच ट्रेनें दोबारा सामान्य समय-सारणी के अनुसार चलने लगीं।

 

यात्रियों को हुई भारी दिक्कत

पीक आवर्स में मेट्रो रुकने से हजारों यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ा। चिंता की बात यह है कि मेट्रो ट्रैक पर कूदने जैसी घटनाएं बेंगलुरु में लगातार बढ़ रही हैं। सिर्फ 2024 में पर्पल लाइन पर ऐसे 5 मामले दर्ज किए जा चुके हैं।

Related Articles

Back to top button