बांग्लादेश में हिंदुओं पर फिर हमला: सिलहट में हिंदू परिवार का घर जलाया, कट्टरपंथी हिंसा जारी

सिलहट के गोवाईघाट में हिंदू परिवार के घर पर हमला, पूरा मकान जलकर खाक HRCBM रिपोर्ट में खुलासा: 7 महीनों में 100+ अल्पसंख्यकों की मौत अंतरराष्ट्रीय चिंता बढ़ी, ब्रिटेन की सांसद प्रीति पटेल ने जताई नाराजगी

Bangladesh news: देश के अलग-अलग हिस्सों में हिंदू समुदाय को निशाना बनाकर हमले किए जा रहे हैं। कहीं हत्याएं हो रही हैं तो कहीं घरों को आग के हवाले किया जा रहा है। चिंता की बात यह है कि अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस इस स्थिति पर प्रभावी कार्रवाई करते नजर नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला बांग्लादेश के सिलहट जिले के गोवाईघाट क्षेत्र का है। यहां नंदिरगांव संघ के बहोर गांव में एक हिंदू परिवार के घर पर इस्लामिक कट्टरपंथियों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने बीरेंद्र कुमार डे के घर में आग लगा दी, जिससे पूरा मकान जलकर राख हो गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि आग कितनी तेजी से पूरे घर में फैलती है। परिवार के लोग किसी तरह अपनी जान बचाकर घर से बाहर निकलते नजर आते हैं। इस हमले में घर पूरी तरह तबाह हो गया।

 

बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की स्थिति चिंताजनक

ह्यूमन राइट्स कांग्रेस फॉर बांग्लादेश माइनॉरिटीज (HRCBM) की रिपोर्ट बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की भयावह स्थिति को उजागर करती है। संगठन के अनुसार, पिछले 7 महीनों में 100 से ज्यादा अल्पसंख्यकों की मौत दर्ज की गई है। रिपोर्ट बताती है कि 6 जून 2025 से 5 जनवरी 2026 के बीच बांग्लादेश के सभी 8 डिवीजनों और कम से कम 45 जिलों में 116 अल्पसंख्यकों की जान गई। इन मौतों में लिंचिंग, सुनियोजित हत्याएं और संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौतें शामिल हैं। संगठन का कहना है कि यह हिंसा अलग-थलग घटनाएं नहीं, बल्कि देशभर में फैला एक सुनियोजित पैटर्न है।

 

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उठी आवाज

बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों को लेकर ब्रिटेन की सांसद और विदेश मामलों की शैडो सेक्रेटरी प्रीति पटेल ने भी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने ब्रिटेन सरकार से अपील की थी कि वह अपने कूटनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर बांग्लादेश में धार्मिक स्वतंत्रता और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करे।

Related Articles

Back to top button