बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव की अधिसूचना जारी, नितिन नबीन के अध्यक्ष बनने के आसार
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया शुरू, 5 दिनों तक चलेगा संगठन पर्व कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का नाम सबसे आगे, अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा 20 जनवरी को मतदान और आधिकारिक घोषणा, पार्टी ने जारी की पूरी समय-सारिणी

National president Bjp: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव को लेकर अधिसूचना जारी कर दी गई है। पार्टी के संगठन पर्व के तहत यह चुनावी प्रक्रिया कुल पाँच दिनों तक चलेगी। माना जा रहा है कि सभी औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद नितिन नबीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना लगभग तय हो सकता है। फिलहाल बीजेपी ने उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त कर रखा है। बीजेपी ने इस संबंध में अपने आधिकारिक एक्स (X) हैंडल से भी जानकारी साझा की है। पोस्ट में बताया गया कि राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण द्वारा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्वाचन की औपचारिक घोषणा कर दी गई है। चुनावी प्रक्रिया 19 जनवरी से शुरू होकर 20 जनवरी 2026 तक पूरी होगी। पार्टी के मुताबिक, 16 जनवरी को निर्वाचक मंडल सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 19 जनवरी को नामांकन की प्रक्रिया होगी, जबकि 20 जनवरी को मतदान और अध्यक्ष पद की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। बीजेपी ने समय-सारिणी के साथ पूरी प्रक्रिया सार्वजनिक की है।
कौन हैं नितिन नबीन?
नितिन नबीन बिहार के एक अनुभवी और जमीनी नेता माने जाते हैं। वे पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं और राज्य की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। संगठन पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है और विधानसभा में भी वे एक प्रभावशाली नेता के रूप में पहचाने जाते हैं। प्रशासनिक अनुभव के साथ-साथ संगठनात्मक क्षमता उनकी सबसे बड़ी ताकत मानी जाती है।
राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर क्या बोले थे नितिन नबीन?
राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद नितिन नबीन ने कहा था कि यह अवसर उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया था। नितिन नबीन के कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी उन्हें बधाई दी थी।



