नाइजीरिया: क्रिसमस से पहले मस्जिद में धमाका, 5 की मौत, 35 घायल
मैदुगुरी में नमाज के दौरान मस्जिद को बनाया गया निशाना आत्मघाती बम विस्फोट की आशंका, मौके से जैकेट के टुकड़े बरामद बोको हराम या ISWAP पर शक, इलाके में हाई अलर्ट

Nigeria: नाइजीरिया के उत्तर-पूर्वी बोर्नो राज्य की राजधानी मैदुगुरी में क्रिसमस की पूर्व संध्या पर बुधवार शाम बड़ा आतंकी हमला हुआ। मगरीब की नमाज के दौरान एक मस्जिद में भीषण बम विस्फोट हो गया, जिसमें कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना की पुष्टि स्थानीय पुलिस ने की है।
आत्मघाती हमले की आशंका
बोर्नो राज्य पुलिस कमांड के प्रवक्ता नाहूम दासो ने बताया कि शुरुआती जांच में यह आत्मघाती बम विस्फोट प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल से संदिग्ध आत्मघाती जैकेट के टुकड़े बरामद किए गए हैं और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच जारी है।
किसने किया हमला?
फिलहाल किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि, इस इलाके में सक्रिय आतंकी संगठन बोको हराम और उसका अलग हुआ गुट ISWAP (इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका प्रोविंस) पहले भी इस तरह के हमले करता रहा है। मैदुगुरी लंबे समय से चरमपंथी हिंसा का केंद्र रहा है, हालांकि हाल के वर्षों में यहां बड़े हमले कम हुए थे। घायलों को बोर्नो स्टेट स्पेशलिस्ट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और किसी अन्य संभावित विस्फोटक की तलाश की जा रही है। हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है।



