गोवा AAP में बड़ा फेरबदल: अमित पालेकर हटाए गए, श्रीकृष्णा परब को अंतरिम जिम्मेदारी
गोवा AAP में संगठनात्मक बदलाव, अमित पालेकर को अध्यक्ष पद से हटाया गया अगले आदेश तक श्रीकृष्णा परब को सौंपी गई प्रदेश अध्यक्ष की अतिरिक्त जिम्मेदारी जिला पंचायत चुनावों में खराब प्रदर्शन के बाद लिया गया बड़ा फैसला

Goa news: गोवा में आम आदमी पार्टी (AAP) ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फैसला लिया है। पार्टी के गोवा प्रदेश अध्यक्ष अमित पालेकर को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया गया है। अगले आदेश तक पार्टी ने श्रीकृष्णा परब को गोवा AAP अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। इस फैसले को लेकर पार्टी की ओर से आधिकारिक पत्र भी जारी किया गया है, हालांकि इसमें पालेकर को हटाने का कारण स्पष्ट नहीं किया गया है।
AAP ने X पर दी जानकारी
आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि यह निर्णय पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) ने लिया है। पोस्ट में कहा गया है कि एडवोकेट अमित पालेकर को गोवा राज्य इकाई के अध्यक्ष पद से तुरंत प्रभाव से हटाया गया है और श्रीकृष्णा परब को अंतरिम रूप से यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिला पंचायत चुनावों से जोड़ा जा रहा फैसला
पार्टी के इस कदम को हाल ही में हुए गोवा जिला पंचायत चुनावों के नतीजों से जोड़कर देखा जा रहा है। इन चुनावों में AAP का प्रदर्शन काफी कमजोर रहा था। पार्टी ने 42 सीटों पर चुनाव लड़ा था और एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार को समर्थन दिया था, लेकिन उसे केवल एक सीट पर ही जीत मिली।
आधिकारिक कारण अब तक नहीं
श्रीकृष्णा परब, जो गोवा AAP के जनरल सेक्रेटरी (ऑर्गेनाइजेशन) हैं, अब अगले आदेश तक प्रदेश अध्यक्ष की अतिरिक्त जिम्मेदारी संभालेंगे। हालांकि, पार्टी ने अब तक अमित पालेकर को हटाने के पीछे कोई आधिकारिक कारण सार्वजनिक नहीं किया है।
कौन हैं अमित पालेकर?
अमित पालेकर पेशे से वकील हैं। उन्होंने 2022 के गोवा विधानसभा चुनावों से पहले आम आदमी पार्टी जॉइन की थी। पार्टी ने उन्हें मुख्यमंत्री पद का चेहरा भी बनाया था। उस चुनाव में AAP ने 40 सदस्यीय गोवा विधानसभा में दो सीटों पर जीत दर्ज की थी।



