ग्वाटेमाला की जेलों में कैदियों का विद्रोह, 46 सुरक्षाकर्मी बनाए बंधक
ग्वाटेमाला की तीन जेलों में कैदियों का हिंसक विद्रोह, 46 सुरक्षाकर्मी बंधक सरकार ने कैदियों की शर्तें मानने से किया इनकार, पुलिस बल तैनात गिरोहों से सुविधाएं छीने जाने के बाद भड़का जेल विद्रोह

मध्य अमेरिकी देश ग्वाटेमाला की तीन जेलों में शनिवार को उस वक्त हालात बेकाबू हो गए, जब कैदियों ने विद्रोह करते हुए जेल के कई सुरक्षाकर्मियों को बंधक बना लिया। जानकारी के मुताबिक, कैदियों ने करीब 46 सुरक्षाकर्मियों को अपनी गिरफ्त में ले लिया और जेल के अंदर जमकर उत्पात मचाया। बताया जा रहा है कि पहले कैदियों ने जेल परिसर में तोड़फोड़ और हिंसा की, इसके बाद सुरक्षाकर्मियों को बंधक बना लिया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रभावित जेलों के बाहर राष्ट्रीय पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल किसी के घायल या मारे जाने की कोई पुष्टि नहीं हुई है।
सरकार पर बढ़ा दबाव, लेकिन झुकने से इनकार
इस पूरे मामले पर ग्वाटेमाला के गृह मंत्री मार्को एंतोनियो विलेदा ने कहा है कि सरकार कैदियों से बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन बंधक बनाए गए सुरक्षाकर्मियों की रिहाई के बदले उनकी मांगों को स्वीकार नहीं किया जाएगा। गृह मंत्रालय ने एक बयान में साफ किया कि यह विद्रोह जेल प्रशासन द्वारा गिरोहों के कुछ नेताओं से विशेष सुविधाएं वापस लेने के फैसले के बाद भड़का है। इसके बाद कैदियों ने संगठित होकर जेलों में हंगामा शुरू कर दिया
‘आतंक और दबाव में नहीं करेगी सरकार समझौता’
गृह मंत्रालय ने दो टूक शब्दों में कहा है कि, “ग्वाटेमाला में न तो आतंकवादियों से और न ही संगठित अपराधियों से बातचीत की जाती है। सरकार किसी भी ऐसे समूह को अपनी शर्तें थोपने की इजाजत नहीं देगी, जिसने डर का माहौल बनाया हो।” इस बीच सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ कैदी जेल से स्थानांतरण की मांग करते हुए दिखाई दे रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां हालात पर नजर बनाए हुए हैं और बंधक बनाए गए सुरक्षाकर्मियों को सुरक्षित छुड़ाने के प्रयास जारी हैं।



