सीरिया में अमेरिकी एयरस्ट्राइक: ट्रंप के आदेश पर अलकायदा से जुड़े सीनियर आतंकी का खात्मा
ट्रंप के आदेश पर सीरिया में अमेरिकी सेना की बड़ी कार्रवाई अलकायदा से जुड़े सीनियर आतंकी की एयरस्ट्राइक में मौत CENTCOM का सख्त संदेश, अमेरिकी सैनिकों पर हमला करने वालों के लिए कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं

America syria crisis: अमेरिका ने वेनेजुएला के बाद अब दक्षिण-पश्चिम एशिया के एक मुस्लिम देश पर बड़ा हवाई हमला किया है। अमेरिकी सेना ने इस कार्रवाई में अलकायदा से जुड़े एक सीनियर आतंकी नेता को मार गिराने का दावा किया है। यह हमला अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सीधे आदेश पर किया गया, जिसके बाद कई देशों में दहशत का माहौल बन गया है।
ट्रंप के आदेश पर सीरिया में हवाई हमला
अमेरिका ने यह हवाई हमला सीरिया में किया है। इस हमले में अलकायदा से संबद्ध वरिष्ठ आतंकी नेता बिलाल हसन अल-जासिम मारा गया है। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, अल-जासिम का पिछले महीने हुए आईएस (इस्लामिक स्टेट) के हमले से सीधा संबंध था। उस हमले में दो अमेरिकी सैनिकों और एक अमेरिकी नागरिक दुभाषिया की मौत हो गई थी। यूएस सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने जानकारी दी कि शुक्रवार को उत्तर-पश्चिमी सीरिया में किए गए इस हमले में अल-जासिम को निशाना बनाया गया। CENTCOM ने उसे “एक अनुभवी आतंकवादी नेता” बताया, जो आतंकी हमलों की साजिश रचने में सक्रिय था।
पिछले हमले में तीन अमेरिकियों की गई थी जान
CENTCOM के अनुसार, 13 दिसंबर को हुए आईएस हमले में अमेरिकी सेना के सार्जेंट एडगर ब्रायन टॉरेस-टोवर, विलियम नथानिएल हॉवर्ड और अमेरिकी नागरिक दुभाषिया अयाद मंसूर साकात की मौत हुई थी। बिलाल हसन अल-जासिम को इसी हमले से सीधे तौर पर जुड़ा बताया गया था।
CENTCOM का सख्त संदेश
CENTCOM कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर ने बयान जारी करते हुए कहा, “तीन अमेरिकियों की मौत से जुड़े आतंकी ऑपरेटिव को मार गिराना यह दिखाता है कि अमेरिकी सेना उन आतंकियों का पीछा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, जो हमारे सैनिकों और नागरिकों को निशाना बनाते हैं।” उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “जो लोग अमेरिकी नागरिकों या सैनिकों पर हमला करते हैं या उसकी साजिश रचते हैं, उनके लिए कहीं भी कोई सुरक्षित जगह नहीं है। हम उन्हें ढूंढ निकालेंगे।”
बड़े अमेरिकी अभियान का हिस्सा है यह हमला
CENTCOM के मुताबिक, यह हमला राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा आदेशित एक बड़े सैन्य अभियान का हिस्सा है। इस अभियान का उद्देश्य सीरिया में आईएस को दोबारा संगठित होने से रोकना है, खासतौर पर उस स्थिति में जब तानाशाह बशर अल-असद के सत्ता से हटाए जाने के करीब एक साल हो चुका है।
100 से ज्यादा आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई
CENTCOM ने बताया कि “हॉकआई स्ट्राइक” नाम के इस अभियान के तहत अमेरिका और उसके सहयोगी देशों, जिनमें जॉर्डन और सीरिया भी शामिल हैं, ने अब तक इस्लामिक स्टेट से जुड़े 100 से अधिक ठिकानों और हथियार डिपो को निशाना बनाया है। अमेरिका का कहना है कि वह सीरिया में सुरक्षा बलों के साथ मिलकर आतंकवाद के खिलाफ अपनी कार्रवाई और तेज करेगा, ताकि अमेरिकी सैनिकों और नागरिकों पर भविष्य में होने वाले हमलों को रोका जा सके।



