कोलकाता: दलित अत्याचार पर क्यों चुप हैं पीएम : अभिषेक

कोलकाता। यूपी के हाथरस में दलित‌ से सामूहिक बलात्कार मुद्दे पर ‘‘चुप्पी’’ को लेकर तृणमूल युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अभिषेक बनर्जी ने पीएम मोदी पर सवाल खड़ा किया है।
बुधवार को अभिषेक बनर्जी ने ट्वीट किया कि नरेंद्र मोदी जी के शासन में हाथरस में एक जघन्य अपराध हुआ और वह चुप हैं। मोदी जी यदि आपमें कोई मानवता बची है, तो दलितों के लिए बोलिए। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस ने लड़की के शव का निरादर किया। बनर्जी ने लिखा कि 15 दिन तक जीवन और मृत्यु से संघर्ष के बाद चोटों की वजह से लड़की की मौत हो गई। उत्तर प्रदेश पुलिस ने उसके शव का बहुत अधिक निरादर किया। दरिंदगी की शिकार हुई लड़की के शव का उसके गांव में रात में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया। उसके परिवार ने आरोप लगाया है कि स्थानीय पुलिस ने उन्हें रात में ही अंतिम संस्कार करने के लिए विवश किया।
उत्तर प्रदेश के हाथरस में 14 सितम्बर को एक दलित लड़की के साथ चार लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। उसकी हालत बिगड़ने पर उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां मंगलवार को उसने दम तोड़ दिया।

Related Articles

Back to top button