नकली सोना बेच कर फरार हुए दो

भांगड़, 10 फरवरी

दक्षिण 24 परगना जिले के भांगड़ थाने की पुलिस ने नकली सोने को असली बता कर बेचने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर नकली सोने के बाट के साथ नगद छह लाख पचास हजार रुपये बरामद किये। गिरफ्तार आरोपितों के नाम इजराइल मोल्ला और सफीकुल मोल्ला हैं।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक दोनों आरोपितों ने भांगड़ थाना अंतर्गत बराली में एक प्लास्टिक फैक्ट्री के मालिक विष्णु अग्रवाल को 34 लाख में एक किलो सोने की बाट बेची थी। सोना बेचने के बाद इजराइल मोल्ला दिल्ली भाग गया। जब विष्णु अग्रवाल ने सोने की जांच करवाई तो उन्हें पता चला कि उनके साथ धोखा हुआ है। ठगी का अहसास होते ही उन्होंने भांगड़ थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि आरोपितों में से एक इजराइल मोल्ला दिल्ली में छुपा है। इसके बाद इजराइल मोल्ला को दिल्ली से गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए भांगड़ थाने लाया गया। पूछताछ के दौरान इजराइल ने अपने साथी सफीकुल के बारे में जानकारी दी। जानकारी के आधार पर पुलिस ने गुरुवार देर रात छापेमारी कर सफीकुल मोल्ला को भांगड़ के खड़गछी इलाके से गिरफ्तार किया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस घटना में कुतुबुद्दीन मोल्ला, बप्पा मोल्ला और कई अन्य लोग भी शामिल हैं। बाकी आरोपित घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस इनकी तलाश शुरू कर रही है।

Related Articles

Back to top button