भोपाल : 13 फरवरी से फिर लौटेगा ठंड का दौर, पहाड़ों में बर्फबारी का दिखेगा असर

भोपाल, 10 फ़रवरी

तेज ठंड से कुछ दिनों की राहत के बाद मध्यप्रदेश में हल्की ठंड का दौर एक बार फिर लौटेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो दिन तक दिन-रात के तापमान में 2 डिग्री तक बढ़ोतरी होगी, लेकिन 13 फरवरी से तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट हो जाएगी। प्रदेश के मौसम पर पहाड़ों में बर्फबारी का असर दिखाई देगा।

पहाड़ों पर बर्फबारी होने के कारण प्रदेश के अधिकांश जिलों में दिन में हल्की ठंड बढ़ी है, लेकिन सूरज की धूप चुभ रही है। गुरुवार को देश के उत्तरी हिस्से में एक और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस पहुंच गया। इस कारण तापमान में इजाफा हो रहा है। मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि दक्षिण-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। इससे तापमान में बढ़ोतरी हुई है, जो दो से तीन दिन रहेगी। जब यह वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तरी भारत से क्रॉस हो जाएगा, तब हमारे यहां ठंडक और बढ़ेगी। तापमान 3 से 4 डिग्री तक गिर जाएगा। इसका असर प्रदेश के सभी हिस्सों में देखने को मिल सकता है।

चार-पांच दिन रहेगी ठंड, फिर गर्मी की दस्तक

हल्की तेज ठंड का असर 3 से 4 दिन रहेगा। इसके बाद पारे में थोड़ी बढ़त होगी। चुभन वाली धूप भी रहेगी। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार फरवरी के आखिरी हफ्ते से मप्र में गर्मी दस्तक दे सकती है। मार्च के आखिरी हफ्ते से लू चलने के हालात बन जाएंगे। आमतौर पर मप्र में तेज गर्मी 15 मार्च से शुरू होती है, जो 10 जून तक चलती है। इसके बाद प्री-मानसून गतिविधियां शुरू होती हैं। मार्च में सूर्य भूमध्य रेखा के करीब पहुंच जाता है। इससे दक्षिण भारत तपने लगता है। अप्रैल में सूर्य की स्थिति बदलने के बाद ही मप्र के दक्षिणी हिस्सों से तेज गर्मी की शुरुआत होती है, जो मई मध्य तक पूरे प्रदेश को कवर कर लेती है। जून के दूसरे पखवाड़े में सूर्य की स्थिति बदलने पर मौसम भी बदलने लगता है, लेकिन इस बार गर्मी का दौर लंबा चलने के संकेत हैं।

Related Articles

Back to top button