तमिलनाडु में विजय की सरकार पर सस्पेंस: बहुमत के जादुई आंकड़े से 6 कदम दूर टीवीके प्रमुख

बहुमत के आंकड़े पर अटकी बात अभी 112 विधायकों का ही साथ सहयोगियों पर टिकी नजर

Tamilnadu news: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में शानदार जीत दर्ज करने के बाद तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के प्रमुख और सुपरस्टार विजय ने राजभवन पहुंचकर सरकार बनाने का दावा तो पेश कर दिया है, लेकिन उनके मुख्यमंत्री बनने की राह में अभी ‘नंबर गेम’ का रोड़ा अटका हुआ है। हालांकि चर्चा थी कि वह कल शपथ ले सकते हैं, मगर मौजूदा सियासी समीकरणों को देखते हुए फिलहाल इस पर सस्पेंस बना हुआ है। राजभवन से बाहर आने के बाद भी समर्थकों की नजरें इसी बात पर टिकी हैं कि विजय कब और कैसे बहुमत साबित करेंगे।

बहुमत के आंकड़े पर अटकी बात

विजय ने राज्यपाल आर.एन. आर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने की इच्छा जताई, लेकिन संवैधानिक प्रक्रिया के तहत राज्यपाल ने साफ कर दिया कि स्थिर सरकार चलाने के लिए कम से कम 118 विधायकों का लिखित समर्थन जरूरी है। बिना इस जादुई आंकड़े के शपथ ग्रहण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाएगी।

Tamilnadu news: अभी 112 विधायकों का ही साथ

फिलहाल विजय के पास 112 विधायकों का समर्थन मौजूद है। उनकी पार्टी टीवीके के अपने 107 विधायक हैं और कांग्रेस के 5 विधायकों ने उन्हें अपना समर्थन पत्र दे दिया है। बहुमत के लिए जरूरी 118 के आंकड़े तक पहुंचने के लिए अभी भी 6 और विधायकों के समर्थन की दरकार है। यही वजह है कि विजय को थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है।

Tamilnadu news: सहयोगियों पर टिकी नजर

अब सबकी निगाहें उन छोटी पार्टियों पर टिकी हैं जो किंगमेकर की भूमिका में आ गई हैं। वीसीके के 2 विधायक गुरुवार को अपनी रणनीति साफ करेंगे, वहीं लेफ्ट के 4 विधायकों का रुख 8 मई तक साफ होने की उम्मीद है। पीएमके के 4 विधायकों ने विजय से मुलाकात तो की है, लेकिन उन्होंने अभी तक अपना औपचारिक समर्थन पत्र राज्यपाल को नहीं सौंपा है।

शपथ से पहले नंबर गेम जरूरी

Tamilnadu news: राज्यपाल से मिलने के बाद विजय ने थोड़ा और समय मांगा है ताकि वह बहुमत का आंकड़ा जुटा सकें। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि जब तक 118 विधायकों का समर्थन पत्र राजभवन नहीं पहुंच जाता, तब तक शपथ ग्रहण समारोह की तारीख तय होना मुश्किल है। विजय की टीम अब हर मुमकिन कोशिश कर रही है कि जल्द से जल्द इन 6 विधायकों का समर्थन हासिल कर लिया जाए।

Related Articles

Back to top button