शाजापुर : पति से झगड़े के बाद बंद कमरे में मिली पत्नी की लाश

शाजापुर। पति से हुए झगड़े के बाद महिला की रक्तरंजित लाश बंद कमरे में मिलने से क्षेत्र में दहशत फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार स्थानीय विजय नगर में सेवा निवृत्त शिक्षक के यहां किराए से रह रही महिला का शुक्रवार सुबह अपने पति से विवाद हो गया। घटना के थोड़ी देर बाद पति दरवाजे में ताला डालकर भाग निकला। संदेह होने पर मकान मालिक ने घर में झांका तो खून के निशान दिखाई दिए, इस पर तुरंत ही पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही लालघाटी थाना प्रभारी अनिल पुरोहित अपनी टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। टीआई पुरोहित ने बताया कि महिला की उम्र करीब 27 से 30 वर्ष है जिसके दो नाम पूजा और अंजलि सामने आ रहे हैं। महिला का गला कटा हुआ है और शरीर पर भी धारदार हथियार के करीब 20 से 25 घाव दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद से महिला का पति फरार है। फिलहाल पंचनामा बनाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।
मौके पर पहुंचा डाग स्क्वाड
विजयनगर में बंद कमरे में महिला की खून से लथपथ लाश मिलने के बाद क्षेत्र के लोग सन्न रह गए। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंचे। इसीके साथ डॉग स्क्वाड ने आसपास के इलाके में सर्चिंग की। वहीं एफएसएल की टीम ने भी मौके से भौतिक साक्ष्य जुटाए। बताया जा रहा है कि महिला पंद्रह दिनों पहले अपने पति के साथ किराए से रहने के लिए शाजापुर आई थी।
शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे उसका अपने पति से झगड़ा हो गया जिसका शौर आसपास के लोगों ने भी सुना। इसके बाद पति घर के दरवाजे में ताला लगाकर फरार हो गया। संदेह होने पर पुलिस को मामले की सूचना दी गई, हालांकि हत्या के पीछे का कारण और महिला और उसका पति कहां के रहने वाले हैं इसका स्पष्टतौर पर खुलासा नही हो सका है। टीआई पुरोहित के अनुसार जांच के उपरांत ही पूरी घटना का पर्दाफाश हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button