किन्नौर : भीषण अग्निकांड में सात मकान राख, मुख्यमंत्री ने जताया दुख

शिमला। हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर के कल्पा तहसील के पुरबनी गांव में शुक्रवार को भीषण अग्निकांड में सात मकान जलकर राख हो गए। घटना पर मुख्यमंत्री ने दुख जताया और पीड़ितों के पुनर्वास के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।

बताया गया कि दोपहर बाद तीन बजे गांव में एक मकान आग लग गई, आग की लपटें इतनी भीषण थीं कि देखते ही देखते आसपास के कई मकान चपेट में आ गए। आग से काष्ठकुणी शैली में बने सात पुश्तैनी मकान जलकर नष्ट हो गए। इस घटना में किसी तरह की जनहानि होने की सूचना नहीं है। अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

घटना की खबर मिलते ही उपायुक्त किन्नौर गोपाल चंद भी जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। कल्पा पुलिस मामला दर्ज कर अग्निकांड के कारणों की पड़ताल में जुट गई है।

उधर, मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आगजनी की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को फौरी राहत और पुनर्वास के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री के निर्देशों पर जिला प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को 10-10 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की है।

Related Articles

Back to top button