विक्रमोत्सव-2026 को ‘गवर्नमेंट इवेंट ऑफ द ईयर’ का गोल्ड अवॉर्ड
तीसरा राष्ट्रीय सम्मान, 139 दिवसीय हुआ भव्य आयोजन
भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के अंतर्गत महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ द्वारा आयोजित विक्रमोत्सव-2026 को एक और राष्ट्रीय सम्मान मिला है। देहरादून में 15-16 जुलाई को आयोजित हिन्दुस्तान 2.0 नेशनल चिंतन शिविर एवं एक्सपो के दौरान इंटरनेशनल कन्वेंशन ऑफ इवेंट इंडस्ट्री की ओर से आयोजित BITA Awards-2026 में विक्रमोत्सव को ‘गवर्नमेंट इवेंट ऑफ द ईयर (गोल्ड अवॉर्ड)’ से सम्मानित किया गया। आयोजकों के अनुसार, पुरस्कार औपचारिक रूप से भोपाल में प्रदान किया जाएगा।
महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ के निदेशक श्रीराम तिवारी ने बताया कि विक्रमोत्सव को यह तीसरा राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ है। इससे पहले वर्ष 2025 में आयोजन को ईमैक्स ग्लोबल अवॉर्ड में ‘लॉन्गस्टैंडिंग आईपी ऑफ द ईयर’ तथा WOW Awards Asia-2025 में सरकारी आयोजनों की विशेष श्रेणी में गोल्ड अवॉर्ड मिल चुका है। वर्ष 2024 में भी विक्रमोत्सव को एशियाई स्तर पर ‘बिगेस्ट रिलीजियस’ श्रेणी का सम्मान मिला था।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, विक्रमोत्सव-2026 का आयोजन 12 फरवरी से 30 जून तक 139 दिनों तक चला। इस दौरान सांस्कृतिक, सामाजिक और जनजागरूकता से जुड़ी 41 से अधिक गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें 4,000 से अधिक कलाकारों ने भाग लिया। आयोजन के अंतर्गत विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, संगीत कार्यक्रम और नाट्य मंचन हुए। 3 से 5 अप्रैल के बीच वाराणसी में सम्राट विक्रमादित्य पर आधारित महानाट्य का भी मंचन किया गया।
आयोजन की आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, 7 फरवरी से 24 मार्च के बीच विक्रमोत्सव-2026 की डिजिटल पहुंच 17.72 करोड़ से अधिक रही। इसमें आधिकारिक सोशल मीडिया और लाइव स्ट्रीम के माध्यम से 47.85 लाख तथा विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म और हैशटैग के जरिए 17.24 करोड़ से अधिक लोगों तक आयोजन से जुड़ी सामग्री पहुंची।



