Mp news: भोपाल में त्योहारों से पहले पुलिस का बड़ा एक्शन, 408 आरोपी गिरफ्तार; ईरानी डेरे से 39 पकड़े गए

भोपाल में त्योहारों से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई ईरानी डेरे से 39 गिरफ्तार, करोड़ों का सामान जब्त 1.7 किलो गांजा बरामद, 400 पुलिसकर्मियों ने की दबिश

Mp news: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में त्योहारों से पहले पुलिस ने बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाकर आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। शहर के अलग-अलग इलाकों में की गई छापेमारी में कुल 408 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें ईरानी डेरे से पकड़े गए 39 लोग भी शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब एक करोड़ रुपये कीमत का 644 ग्राम से ज्यादा सोना भी जब्त किया है।

 

283 स्थायी वारंटी समेत 408 गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, शहरभर में चलाए गए कांबिंग गश्त अभियान में 283 स्थायी वारंटी और 125 गिरफ्तारी वारंटी को पकड़ा गया। इसके अलावा 121 जमानती वारंट भी तामील किए गए। कार्रवाई के दौरान एक लाख रुपये का इनामी बदमाश शहादत हुसैन भी पुलिस के हत्थे चढ़ा। पुलिस से बचने के लिए कुछ आरोपी छिपते नजर आए, लेकिन भारी पुलिस बल के सामने उनकी एक नहीं चली।

 

ईरानी डेरे में 400 पुलिसकर्मियों की तैनाती

मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात भोपाल पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से ईरानी डेरे में दबिश दी। इस ऑपरेशन में 8 एसीपी, 16 थाना प्रभारी और करीब 400 पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। यहां से पुलिस ने 17 दोपहिया वाहन, 644.56 ग्राम सोना, 240 ग्राम चांदी, 29 मोबाइल फोन और 1 लाख 34 हजार रुपये नकद जब्त किए। साथ ही 1 किलो 700 ग्राम गांजा भी बरामद किया गया।

 

ईरानी डेरे से 31 पुरुष और 8 महिलाएं गिरफ्तार

पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि त्योहारों को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया। ईरानी डेरे से 31 पुरुष और 8 महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। हल्का विरोध जरूर हुआ, लेकिन भारी पुलिस बल के कारण स्थिति नियंत्रण में रही। यह भी सामने आया है कि कई आरोपी दूसरे राज्यों में वारदात करने के बाद ईरानी डेरे में आकर फरारी काटते थे।

 

1.7 किलो गांजा बरामद, एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई

पुलिस को अमन कॉलोनी स्थित एक घर से 1 किलो 700 ग्राम गांजा मिला। यह गांजा नाजमा नाम की महिला के पास से बरामद हुआ, जो हबीब अली की पत्नी बताई जा रही है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में 60 और 71 साल के बुजुर्ग भी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि निशातपुरा इलाके का ईरानी डेरा लंबे समय से चोरी, लूट, डकैती और धोखाधड़ी जैसे मामलों में संदिग्ध गतिविधियों का केंद्र रहा है।

 

फरार आरोपी यहां आकर लेते थे शरण

पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, कई आरोपी वारदात के बाद ईरानी डेरे में अपने रिश्तेदारों के यहां छिप जाते थे। जब पुलिस वहां पहुंचती तो स्थानीय लोग एकजुट होकर विरोध करते थे। इसी वजह से इस बार पूरी रणनीति के साथ बड़ी कार्रवाई की गई। त्योहारों से पहले पुलिस की इस सख्त कार्रवाई को कानून-व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button