दूरदर्शन की जानी-मानी न्यूजरीडर सरला माहेश्वरी का निधन, निगम बोध घाट पर होगा अंतिम संस्कार
दूरदर्शन की प्रतिष्ठित न्यूजरीडर सरला माहेश्वरी का निधन 80-90 के दशक की भरोसेमंद और गरिमामयी आवाज रहीं सरला दिल्ली के निगम बोध घाट पर शाम 4 बजे होगा अंतिम संस्कार

Dd news: दूरदर्शन की मशहूर और सम्मानित न्यूजरीडर सरला माहेश्वरी का गुरुवार को निधन हो गया। उनके जाने की खबर से मीडिया जगत और दर्शकों के बीच शोक की लहर दौड़ गई है। अपनी शांत आवाज, सादगी और बेहतरीन हिंदी उच्चारण के लिए पहचानी जाने वाली सरला माहेश्वरी ने दशकों तक दर्शकों का भरोसा जीता।
80-90 के दशक की भरोसेमंद आवाज
1980 और 1990 के दशक में जब दूरदर्शन ही देश का सबसे बड़ा और विश्वसनीय ब्रॉडकास्ट प्लेटफॉर्म था, तब सरला माहेश्वरी न्यूज बुलेटिन का जाना-पहचाना चेहरा थीं। उनका संतुलित अंदाज़, स्पष्ट उच्चारण और गरिमामयी प्रस्तुति उन्हें बाकी एंकरों से अलग बनाती थी। 24×7 न्यूज चैनलों के दौर से पहले वे उन चुनिंदा आवाज़ों में थीं, जिन पर दर्शक आंख मूंदकर भरोसा करते थे।
2005 तक निभाई जिम्मेदारी
सरला माहेश्वरी ने साल 2005 तक दूरदर्शन में न्यूज एंकर के रूप में सेवाएं दीं। दिल्ली यूनिवर्सिटी में पीएचडी के दौरान उन्होंने दूरदर्शन के लिए ऑडिशन दिया था और एक अनाउंसर के रूप में अपने करियर की शुरुआत की। बाद में वे न्यूज रीडिंग से जुड़ीं और ब्लैक-एंड-व्हाइट टीवी से लेकर रंगीन प्रसारण तक का दौर देखा।
निगम बोध घाट पर होगा अंतिम संस्कार
परिवार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार 12 फरवरी 2026 को शाम 4 बजे दिल्ली के निगम बोध घाट पर किया जाएगा। सरला माहेश्वरी को भारतीय टेलीविजन की एक गरिमामयी और भरोसेमंद आवाज़ के रूप में हमेशा याद किया जाएगा।



