कानपुर लैंबोर्गिनी हादसा: आरोपी शिवम मिश्रा गिरफ्तार, ड्राइवर का सरेंडर कोर्ट ने किया खारिज

शिवम मिश्रा गिरफ्तार, आज होगी कोर्ट में पेशी ड्राइवर के सरेंडर को अदालत ने किया खारिज तेज रफ्तार लैंबोर्गिनी ने ऑटो और बाइक को मारी टक्कर

कानपुर: लैंबोर्गिनी कार से हुए हाई-प्रोफाइल हादसे में बड़ा अपडेट सामने आया है। आरोपी शिवम मिश्रा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उसे जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा। इस मामले में बुधवार को उस समय नया मोड़ आया था जब तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के कथित ड्राइवर मोहन ने कानपुर कोर्ट में सरेंडर कर खुद को गाड़ी चलाने वाला बताया। हालांकि, कोर्ट ने उसकी अर्जी खारिज करते हुए साफ कहा कि पुलिस रिपोर्ट में आरोपी शिवम मिश्रा है, मोहन नहीं। साथ ही अदालत ने यह भी निर्देश दिया कि हादसे में शामिल लैंबोर्गिनी कार फिलहाल थाने में ही रहेगी।

 

ड्राइवर का दावा क्या था?

बुधवार को मोहन अपने वकील नरेंद्र कुमार यादव के साथ कोर्ट पहुंचा था। उसने दावा किया कि हादसे के वक्त वही कार चला रहा था। मोहन के मुताबिक, ड्राइविंग के दौरान शिवम मिश्रा को अचानक दौरा पड़ गया था, जिससे वह घबरा गया और कार अनियंत्रित हो गई। उसने यह भी कहा कि जब लोगों ने कार का शीशा तोड़कर दरवाजा खोला, तो वह नीचे की तरफ से निकल गया था। इसके बाद बाउंसर्स ने शिवम को कार से बाहर निकाला और दूसरी गाड़ी में ले गए।

 

कैसे हुआ था हादसा?

यह हादसा रविवार को रिंग रोड स्थित ‘रिंग वाला चौराहा’ के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, तंबाकू निर्यातक केके मिश्रा की कंपनी से जुड़ी बताई जा रही लेम्बोर्गिनी रेवुएल्टो तेज रफ्तार में थी और अचानक नियंत्रण खो बैठी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार ने पहले एक ऑटो रिक्शा और खड़ी मोटरसाइकिल को टक्कर मारी। इसके बाद वह फुटपाथ पर चढ़ गई और वहां मौजूद पैदल यात्रियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में ऑटो चालक तौसीफ अहमद और बाइक सवार विशाल व सोनू त्रिपाठी घायल हुए हैं। चश्मदीदों का कहना है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार कई फीट हवा में उछल गया। आरोप है कि कार बाइक के अगले पहिये पर चढ़ गई और उसे कुछ दूरी तक घसीटती रही। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी शिवम मिश्रा से पूछताछ जारी है।

Related Articles

Back to top button