Indore में अमोनिया गैस लीक से हड़कंप, कई लोग अस्पताल पहुंचाए गए
इंदौर के रावजी बाजार में कबाड़ की दुकान से अमोनिया गैस लीक। आंखों में जलन और सांस की तकलीफ के बाद कई लोग अस्पताल पहुंचे। फायर ब्रिगेड की तत्परता से बड़ा हादसा टला, दुकान मालिक हिरासत में।

Mp news: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में गैस लीक की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। तीखी गंध और आंखों में जलन के कारण लोग घरों से बाहर निकल आए। कई लोगों को सांस लेने में दिक्कत हुई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
कबाड़ की दुकान में काटा जा रहा था पुराना सिलेंडर
घटना रावजी बाजार थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। यहां एक कबाड़ की दुकान में पुराने गैस सिलेंडर को काटा जा रहा था। बताया जा रहा है कि सिलेंडर में अमोनिया गैस भरी हुई थी। कटाई के दौरान गैस रिसने लगी और देखते ही देखते आसपास के इलाके में फैल गई। दुकान में मौजूद लोगों के साथ-साथ आसपास रहने वाले लोग भी खांसी, आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत करने लगे। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
बीच से कट चुका था सिलेंडर
फायर ब्रिगेड ने हालात को काबू में करने के लिए लगातार पानी का छिड़काव किया, ताकि गैस का असर कम हो सके। सिलेंडर बीच से कट चुका था, इसलिए रिसाव को तुरंत बंद करना आसान नहीं था। इस दौरान एक बुजुर्ग महिला समेत कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें एहतियातन अस्पताल भेजा गया। कुछ समय की मशक्कत के बाद गैस का असर कम हुआ और हालात सामान्य हो सके। पुलिस ने कबाड़ दुकान के मालिक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। राहत की बात यह रही कि समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया।



