दुनियाभर में नए वायरस का खौफ, क्रूज शिप पर हंता वायरस के अटैक से 3 की मौत

क्रूज शिप पर हंता वायरस का कहर: 3 यात्रियों की मौत के बाद दुनियाभर में अलर्ट भारत सरकार ने बढ़ाई निगरानी: जहाज पर मौजूद दो भारतीयों की सेहत पर रखी जा रही नजर कोविड जैसा खतरा नहीं पर सावधानी जरूरी: जानिए क्या है एंडीज स्ट्रेन और इसके लक्षण

Hantavirus: अमेरिका और यूरोप के कई देशों में इस समय स्वास्थ्य एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। वजह है एक दुर्लभ हंता वायरस स्ट्रेन, जिसने एक क्रूज शिप पर कई लोगों को संक्रमित कर दिया। इस वायरस से अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है। नीदरलैंड के क्रूज शिप एमवी होंडियस पर मिले इस संक्रमण ने दुनियाभर के हेल्थ सिस्टम की चिंता बढ़ा दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक जहाज पर एंडीज स्ट्रेन का हंता वायरस पाया गया है, जो इंसान से इंसान में भी फैल सकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए भारत सरकार ने भी देश में निगरानी बढ़ा दी है।

भारत सरकार ने शुरू की हाई लेवल निगरानी

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सर्विलांस तेज कर दिया है। नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल और आईडीएसपी जैसी संस्थाएं डब्ल्यूएचओ के साथ लगातार संपर्क बनाए हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी ऑपरेशंस सेंटर में इस मामले को लेकर एक हाई लेवल मीटिंग भी की गई है। इसमें वायरस से निपटने की तैयारी और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ तालमेल पर विस्तार से चर्चा हुई ताकि देश में किसी भी खतरे को समय रहते रोका जा सके।

Hantavirus: जहाज पर 5 संक्रमित और 3 की मौत से हड़कंप

डब्ल्यूएचओ की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, एमवी होंडियस जहाज पर 8 संदिग्ध मामले मिले थे, जिनमें से 5 लोगों में हंता वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। अब तक 3 लोग इस खतरनाक वायरस की वजह से अपनी जान गंवा चुके हैं। जहाज पर अलग-अलग देशों के यात्री और क्रू मेंबर मौजूद थे, जिसकी वजह से अब कई देशों में कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग और हेल्थ मॉनिटरिंग का काम युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है।

Hantavirus: जहाज पर मौजूद भारतीय नागरिकों पर नजर

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इस क्रूज शिप पर 2 भारतीय नागरिक भी सवार हैं। राहत की बात यह है कि फिलहाल दोनों में किसी तरह के लक्षण नहीं मिले हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर उन्हें कड़ी निगरानी में रखा गया है। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और उनकी सेहत पर पल-पल की नजर रखने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

क्या है एंडीज हंता वायरस और इसके लक्षण

Hantavirus: हंता वायरस आमतौर पर संक्रमित चूहों और कृंतकों के यूरिन या मल के संपर्क में आने से फैलता है। एमवी होंडियस पर मिला एंडीज स्ट्रेन मुख्य रूप से दक्षिण अमेरिका में पाया जाता है और इसकी सबसे बड़ी चिंता यह है कि यह करीबी संपर्क के जरिए इंसान से इंसान में भी फैल सकता है। इसके शुरुआती लक्षण फ्लू जैसे होते हैं, जिनमें बुखार, बदन दर्द, कमजोरी और सिर दर्द शामिल है। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि यह कोविड-19 की तरह हवा में तेजी से नहीं फैलता है।

 

यह भी पढ़ें: बंगाल में हुआ ऐतिहासिक बदलाव, शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की ली शपथ

Related Articles

Back to top button