बेंगलुरु में 26 वर्षीय इंजीनियर की 16वीं मंजिल से गिरकर मौत, परिवार सदमे में
बेंगलुरु के शेट्टीहल्ली इलाके में 16वीं मंजिल से गिरने से युवक की दर्दनाक मौत यूरोप से पढ़ाई कर लौटा था निक्षप, जल्द शुरू करने वाला था करियर पुलिस जांच में सामने आया, सिजोफ्रेनिया से पीड़ित था मृतक

Bengaluru: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां 26 वर्षीय इंजीनियर की एक अपार्टमेंट की 16वीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई। मृतक की पहचान निक्षप के रूप में हुई है। इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यूरोप से पढ़ाई पूरी कर हाल ही में लौटा था भारत
पुलिस के अनुसार, निक्षप ने यूरोप से इलेक्ट्रॉनिक इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की थी और हाल ही में भारत लौटा था। वह जल्द ही अपने करियर की शुरुआत करने वाला था। निक्षप अपने माता-पिता के साथ बेंगलुरु के शेट्टीहल्ली इलाके में स्थित प्रिंस टाउन अपार्टमेंट्स में रहता था।
सुबह आया फोन, कुछ घंटों बाद मिली मौत की खबर
मृतक के पिता किशोर ने पुलिस को बताया कि बुधवार सुबह करीब 5 बजे निक्षप ने उन्हें फोन किया था और कहा था कि वह जल्द घर लौट आएगा। इसके कुछ घंटे बाद, सुबह करीब 8:30 बजे अपार्टमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष रवि का फोन आया और उन्हें तुरंत ग्राउंड फ्लोर पर बुलाया गया। नीचे पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उनका बेटा 16वीं मंजिल से गिर चुका था और उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
सिजोफ्रेनिया से पीड़ित था मृतक
घटना की सूचना मिलते ही बागलगुंटे पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने बताया कि निक्षप पिछले कुछ वर्षों से सिजोफ्रेनिया से पीड़ित था। फिलहाल मौत के कारणों और परिस्थितियों की गहन जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए विक्टोरिया अस्पताल भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।



