बेंगलुरु में महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर की हत्या: आग लगाकर हादसा दिखाने की कोशिश, पड़ोसी युवक गिरफ्तार
बेंगलुरु में महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत अब हादसा नहीं, हत्या साबित पड़ोसी युवक ने यौन शोषण की कोशिश के बाद गला घोंटकर की हत्या सबूत मिटाने के लिए फ्लैट में लगाई आग, आरोपी गिरफ्तार

Karnataka: बेंगलुरु में 34 वर्षीय महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर की जलकर मौत के मामले में अब चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि एक सोची-समझी हत्या थी। पुलिस ने इस मामले में महिला के ही पड़ोस में रहने वाले एक 18 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है।आरोप है कि युवक ने महिला के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने पहले महिला का गला घोंटकर हत्या की और फिर सबूत मिटाने के लिए फ्लैट में आग लगा दी, ताकि मामला फायर एक्सीडेंट लगे।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना बेंगलुरु ईस्ट के सुब्रमण्यमपुरा इलाके के एक अपार्टमेंट में 3 जनवरी को हुई। रात करीब 10:15 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक फ्लैट से आग की लपटें उठ रही हैं। फ्लैट में DK शर्मिला नाम की 34 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर अकेली रहती थीं। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक शर्मिला की मौत हो चुकी थी। शुरुआती तौर पर मामला शॉर्ट सर्किट से लगी आग का माना गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने बदली जांच की दिशा
पीड़िता के एक करीबी दोस्त की शिकायत पर पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। फोरेंसिक जांच में बिजली खराबी या शॉर्ट सर्किट का कोई सबूत नहीं मिला। इसके बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई, जिसमें खुलासा हुआ कि शर्मिला की मौत जलने से नहीं बल्कि दम घुटने से हुई थी।यहीं से यह साफ हो गया कि यह हादसा नहीं, बल्कि हत्या का मामला है।
कैसे हुआ आरोपी तक पुलिस का पहुंचना?
तकनीकी साक्ष्यों और आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस 18 वर्षीय करनाल कुरई तक पहुंची, जो PUC का छात्र है और उसी अपार्टमेंट में रहता था। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस के मुताबिक, 3 जनवरी की रात करीब 9 बजे आरोपी स्लाइडिंग खिड़की के रास्ते शर्मिला के फ्लैट में घुसा। उसने महिला से शारीरिक संबंध बनाने की मांग की। जब शर्मिला ने विरोध किया, तो आरोपी ने उसका मुंह और नाक दबाकर दम घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
सबूत मिटाने के लिए लगाई आग
हत्या के बाद आरोपी ने महिला के कपड़े और अन्य सामान बेडरूम में इकट्ठा किए और उनमें आग लगा दी। इसके बाद वह शर्मिला का मोबाइल फोन लेकर मौके से फरार हो गया, ताकि मामला आग लगने की दुर्घटना जैसा लगे।
आरोपी की गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई
विराजपेट का रहने वाला करनाल कुरई बेंगलुरु में अपनी सिंगल मदर के साथ रहता था। पुलिस ने उसे शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर BNS की धारा 103(1), 64(2), 66 और 238 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी तीन दिन की पुलिस हिरासत में है और मामले की आगे की जांच जारी है।



