जैथरा में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला, नवविवाहित जोड़े की गला रेतकर हत्या
प्रेम विवाह बना मौत की वजह, जैथरा में नवविवाहित जोड़े की हत्या एक महीने पहले की थी शादी, परिवार की नाराजगी बनी खूनखराबे की वजह गला रेतकर हत्या की आशंका, गांव में भारी पुलिस बल तैनात
Uttar Pradesh: एटा जिले के जैथरा थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गड़िया सुहागपुर गांव में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक नवविवाहित युवक-युवती की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान दीपक और शिवानी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों ने करीब एक महीने पहले प्रयागराज के एक मंदिर में शादी की थी, जिससे युवती के परिजन नाराज चल रहे थे। जानकारी के अनुसार दीपक रविवार को शिवानी से मिलने उसके घर गया था। इसी दौरान युवती के परिजनों ने दोनों की गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
पहले भी हुआ था समझौता
बताया गया कि इस मामले को लेकर पहले कन्नौज जिले के एक थाने में दोनों परिवारों के बीच समझौता भी कराया गया था। इसके बाद पारिवारिक दबाव के चलते शिवानी कुछ समय से अपनी बहन के घर रह रही थी। करीब तीन दिन पहले ही वह गांव वापस लौटी थी। इसी बीच रविवार शाम को इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया गया। सूचना मिलते ही अलीगंज के सीओ नितीश गर्ग और जैथरा थाना प्रभारी रितेश ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों के शव घर की छत से बरामद किए। घटनास्थल को सुरक्षित कर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, साथ ही फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
एसएसपी श्याम नारायण सिंह भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और बाद में घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला बेहद संवेदनशील है और सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।



