बांग्लादेशी कट्टरपंथियों की साजिश नाकाम, असम STF ने 11 जिहादी तत्व किए गिरफ्तार
बांग्लादेश में जारी हिंसा के बीच भारत के पूर्वोत्तर राज्यों को अस्थिर करने की साजिश का खुलासा केंद्रीय एजेंसियों की खुफिया सूचना पर असम STF की बड़ी कार्रवाई, असम-त्रिपुरा से 11 गिरफ्तार नवगठित इंडियन मुजाहिदीन-के से जुड़े थे आरोपी, बांग्लादेशी नेटवर्क से संपर्क का दावा
Bangaladesh: बांग्लादेश में बीते कई दिनों से बड़े पैमाने पर हिंसा जारी है, जहां अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय को निशाना बनाए जाने की लगातार खबरें सामने आ रही हैं। इसी बीच अब बांग्लादेश से जुड़े कट्टरपंथी तत्व भारत के पूर्वोत्तर राज्यों में अस्थिरता फैलाने की साजिश रचते पाए गए हैं। असम स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने केंद्रीय एजेंसियों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारियां असम और त्रिपुरा के अलग-अलग इलाकों से की गई हैं।
कैसे हुई गिरफ्तारी?
गुवाहाटी के पुलिस कमिश्नर पार्थसारथी महंत ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सोमवार रात असम के बारपेटा, चिरांग और दरांग जिलों के साथ-साथ त्रिपुरा में भी एक साथ ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान बांग्लादेशी कट्टरपंथी संगठनों से जुड़े 11 संदिग्धों को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी बांग्लादेश में सक्रिय आतंकी नेटवर्क के सीधे संपर्क में थे और उनके निर्देशों पर काम कर रहे थे।
पूर्वोत्तर में अशांति फैलाने की साजिश
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी ‘नवगठित इंडियन मुजाहिदीन-के’ संगठन से जुड़े हुए हैं। इनमें से 10 आरोपी असम से और एक त्रिपुरा से गिरफ्तार किया गया है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि इनका मकसद असम और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में अशांति फैलाना और क्षेत्र की सामाजिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाना था। फिलहाल सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।



