जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह के खिलाफ FIR, सुशांत गोल्फ सिटी मामला गरमाया

क्या है पूरा विवाद? एससी-एसटी एक्ट और रंगदारी का मामला SHO लाइन हाजिर, जांच में जुटी पुलिस

Uttar Pradesh: जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह के खिलाफ लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में FIR दर्ज की गई है। इस मामले में उनके साथ जौनपुर के ब्लॉक प्रमुख विनय सिंह और उनके सरकारी सुरक्षा गार्ड को भी आरोपी बनाया गया है।

 

क्या है पूरा मामला?

यह विवाद सुशांत गोल्फ सिटी स्थित स्वास्तिका सिटी कॉलोनी का है, जहां 20 फीट चौड़ी सड़क पर कथित तौर पर अतिक्रमण कर दीवार बनाने का आरोप लगाया गया है। इसी इलाके में धनंजय सिंह का निवास बताया जा रहा है। दीवार निर्माण को लेकर कॉलोनी के लोगों और आरोपियों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद निवासियों ने पुलिस कमिश्नर से शिकायत की।

 

एससी-एसटी एक्ट और रंगदारी का आरोप

शिकायत के आधार पर धनंजय सिंह और विनय सिंह के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट और रंगदारी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि दीवार निर्माण के दौरान झड़प हुई और उसी समय विनय सिंह ने लोगों से कहा कि फोन पर धनंजय सिंह हैं और उनसे बात कर ली जाए।

 

SHO लाइन हाजिर

मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में सुशांत गोल्फ सिटी थाने के SHO को लाइन हाजिर कर दिया गया है। पुलिस कमिश्नर से शिकायत के बाद FIR दर्ज की गई और अब लखनऊ पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

डर का माहौल होने का आरोप

एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि विनय सिंह खुद को धनंजय सिंह का रिश्तेदार बताते हैं और कॉलोनी के लोगों को डराकर रखते हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि उनके दबाव के चलते पुलिस भी पहले मदद नहीं कर रही थी, जिससे स्थानीय लोग डरे और सहमे हुए हैं। फिलहाल इस पूरे मामले में धनंजय सिंह की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और आरोपी पक्ष इस पर क्या सफाई देता है।

Related Articles

Back to top button