फिलिप डेविंटर ने पाकिस्तान को बताया ‘आतंकवादी देश’, यूरोप में बैन की मांग
पाकिस्तान को आतंकवाद का बड़ा समर्थक बताया भारत और यूरोप के साझा दुश्मन पर जताई चिंता ग्लोबल पैट्रियट्स मीट में राष्ट्रवादी सहयोग पर जोर

बेल्जियम की फ्लेमिश संसद के सदस्य और व्लाम्स बेलांग पार्टी के वरिष्ठ नेता फिलिप डेविंटर ने पाकिस्तान पर कड़ा हमला बोला है। दिल्ली में हो रहे ‘ग्लोबल पैट्रियट्स मीट 2025’ में हिस्सा लेने आए डेविंटर ने कहा कि पाकिस्तान खुले तौर पर आतंकवादी संगठनों को पैसा, हथियार और हर तरह की मदद देता है। डेविंटर ने कहा कि भारत और यूरोप का कॉमन दुश्मन कट्टर इस्लामिक आतंकवाद है और पाकिस्तान इस पूरे नेटवर्क का बड़ा सपोर्टर है। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में दिल्ली में हुए हमले इसकी बड़ी मिसाल हैं। डेविंटर ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “पाकिस्तान एक आतंकवादी देश है और यूरोप को इसे पूरी तरह बैन कर देना चाहिए।”
‘ग्लोबल पैट्रियट्स मीट 2025’: क्या कहा डेविंटर ने?
दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में चल रहे इस सम्मेलन में दुनिया भर से राष्ट्रवादी दलों के नेता और विचारक शामिल हुए हैं। डेविंटर ने कहा कि इस मीट का मुख्य उद्देश्य है, राष्ट्रवादी पार्टियों के बीच सहयोग बढ़ाना, भारत के आतंकवाद विरोधी अनुभवों से सीखना, और ‘राष्ट्र प्रथम’ नीति को समझना। उन्होंने कहा, “भारत में भाजपा इस क्षेत्र की सबसे मजबूत ताकत है। हम एक-दूसरे के साथ अपने अनुभव और विचार साझा कर रहे हैं।”



