कर्नाटक: सीनियर IAS अफ़सर महंतेश बिलगी सहित तीन की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत
कर्नाटक के कलबुर्गी में सीनियर IAS अधिकारी महंतेश बिलगी की सड़क हादसे में मौत कुत्ते को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हुई कार पलटकर सड़क किनारे गिरी हादसे में बिलगी के भाई और एक अन्य व्यक्ति की भी मौके पर हुई मौत

कलबुर्गी (कर्नाटक): कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में राज्य के सीनियर IAS अधिकारी महंतेश बिलगी सहित तीन लोगों की मौत हो गई। महंतेश बिलगी कर्नाटक स्टेट मिनरल्स कॉर्पोरेशन (KSMC) में मैनेजिंग डायरेक्टर के पद पर तैनात थे। वे अपने परिवार के साथ रामदुर्ग से कलबुर्गी एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, तभी रास्ते में उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।
गौनाली क्रॉस के पास पलटी कार
जानकारी के मुताबिक महंतेश बिलगी अपने भाई और एक अन्य व्यक्ति के साथ बेलगावी के रामदुर्ग से कलबुर्गी की ओर जा रहे थे। जेवरगी तालुक के गौनाली क्रॉस के पास उनकी कार के सामने अचानक एक कुत्ता आ गया। उसे बचाने के चक्कर में ड्राइवर कार पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में महंतेश बिलगी, उनके भाई शंकर बिलगी और ईरन्ना शिरासांगी की मौत हो गई।
डीके शिवकुमार ने जताया दुख
हादसे की खबर मिलते ही प्रशासनिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई। डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर महंतेश बिलगी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। हादसे में शंकर बिलगी और एरन्ना शिरासांगी की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि महंतेश बिलगी को कलबुर्गी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। उनकी मौत की खबर मिलते ही IGP शांतनु सिन्हा और जिले के सीनियर अधिकारी अस्पताल पहुंच गए।
2012 बैच के IAS अधिकारी थे महंतेश बिलगी
महंतेश बिलगी का जन्म 27 मार्च 1974 को हुआ था। वे 2012 बैच के कर्नाटक कैडर के IAS अधिकारी थे। वे KSMC के मैनेजिंग डायरेक्टर के अलावा BESCOM में भी इसी पद पर काम कर चुके थे। दावणगेरे और उडुपी जिलों में भी उन्होंने बतौर IAS अधिकारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।



