कनाडा में संकट में फंसी भारतीय महिलाओं के लिए मोदी सरकार का बड़ा कदम

कनाडा में संकट में फंसी भारतीय महिलाओं के लिए मोदी सरकार की बड़ी पहल टोरंटो स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास में शुरू हुआ वन स्टॉप सेंटर फॉर वुमेन घरेलू हिंसा, शोषण और कानूनी समस्याओं में 24x7 मिलेगी मदद

Canada: कनाडा में रह रही भारतीय महिलाओं की सुरक्षा और मदद को लेकर मोदी सरकार ने एक अहम पहल की है। टोरंटो स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास ने संकटग्रस्त भारतीय महिलाओं के लिए ‘वन स्टॉप सेंटर फॉर वुमेन’ (OSCW) की शुरुआत की है। यह केंद्र खास तौर पर भारतीय पासपोर्ट धारक महिलाओं की सहायता के लिए बनाया गया है। इसके साथ ही 24 घंटे चलने वाली हेल्पलाइन सेवा भी शुरू की गई है।

 

घरेलू हिंसा और शोषण के मामलों में मिलेगी त्वरित सहायता

इस सेंटर का मुख्य उद्देश्य उन भारतीय महिलाओं को तुरंत राहत देना है, जो कनाडा में घरेलू हिंसा, मानसिक या शारीरिक शोषण, पारिवारिक विवाद, परित्याग, दुर्व्यवहार या कानूनी परेशानियों का सामना कर रही हैं। भारतीय मिशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि यह केंद्र पीड़ित महिलाओं को समन्वित और महिला-केंद्रित सहायता प्रदान करेगा।

 

काउंसलिंग से लेकर कानूनी मदद तक मिलेगी सुविधा

वन स्टॉप सेंटर के तहत जरूरतमंद महिलाओं को तुरंत काउंसलिंग, मानसिक और भावनात्मक सहयोग, कानूनी सलाह और आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसके अलावा, कनाडा में उपलब्ध सामाजिक और सामुदायिक सहायता सेवाओं से भी महिलाओं को जोड़ा जाएगा, ताकि उन्हें हर स्तर पर सहयोग मिल सके।

 

24×7 हेल्पलाइन से मिलेगी तत्काल मदद

महावाणिज्य दूतावास ने साफ किया है कि यह पूरा सेंटर कनाडा के स्थानीय कानूनों के दायरे में काम करेगा। सेंटर का संचालन एक महिला सेंटर एडमिनिस्ट्रेटर द्वारा किया जाएगा, जो हर पीड़ित महिला को सुरक्षित और सम्मानजनक सहायता सुनिश्चित करेंगी। 24×7 हेल्पलाइन पर आने वाली हर कॉल पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर एनजीओ के जरिए भावनात्मक और मानसिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। आर्थिक सहायता भारत सरकार के नियमों के अनुसार पात्रता जांच के बाद दी जाएगी।

 

इन नंबरों पर कर सकती हैं संपर्क

यह केंद्र टोरंटो स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास से संचालित होगा। जरूरतमंद महिलाएं सेंटर एडमिनिस्ट्रेटर से, 📞 +1 (437) 552 3309, 📧 osc.toronto@mea.gov.in पर संपर्क कर सकती हैं। इसके अलावा, भारतीय मिशन की वेबसाइट पर एक FAQ भी जारी किया गया है, जिसमें बताया गया है कि विदेशी भारतीय पति या पत्नी द्वारा धोखा, परित्याग या दुर्व्यवहार की स्थिति में भारतीय अधिकारी किस तरह मदद कर सकते हैं। कनाडा में बढ़ते ऐसे मामलों के बीच यह पहल भारतीय महिलाओं की सुरक्षा और भरोसे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button