कलंबोली में दिल दहला देने वाली वारदात: मां ने 6 साल की बेटी की हत्या की

कलंबोली में मां ने अपनी 6 साल की बेटी की नाक-मुंह दबाकर हत्या कर दी बेटे की चाह और मानसिक तनाव से जूझ रही थी आरोपी महिला हिंदी बोलने को लेकर मां-बेटी के बीच बना रहता था तनाव

Maharashtra: महाराष्ट्र के पनवेल स्थित कलंबोली इलाके से एक बेहद चौंकाने वाली और संवेदनशील घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपनी ही छह साल की मासूम बेटी की नाक और मुंह दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला की पहचान सुप्रिया प्रमोद म्हामुणकर (30) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला लंबे समय से मानसिक तनाव में थी। उसे इस बात का गहरा दुख था कि उसके बेटा नहीं हुआ, बल्कि बेटी पैदा हुई। इसी मानसिक दबाव के चलते उसका इलाज भी चल रहा था।

 

लंबे समय से तनाव में थी आरोपी महिला

कलंबोली पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेंद्र कोईते ने बताया कि आरोपी महिला काफी समय से अवसाद और तनाव से जूझ रही थी। परिवार ने उसे डॉक्टर को भी दिखाया था। महिला बार-बार इस बात को लेकर परेशान रहती थी कि उसे बेटा क्यों नहीं हुआ।

 

हिंदी बोलने पर होती थी नाराज़गी

पुलिस जांच में सामने आया है कि बच्ची स्कूल जाती थी, जिस वजह से उसे मराठी के अलावा हिंदी और अंग्रेज़ी भाषा का भी ज्ञान था। वह घर पर कई बार हिंदी में बात करने लगती थी, जिससे उसकी मां नाराज हो जाती थी। इसी बात को लेकर मां-बेटी के बीच तनाव बना रहता था। गुरुवार को जब घर पर कोई मौजूद नहीं था, तब आरोपी महिला ने बच्ची की नाक और मुंह दबाकर, साथ ही किसी भारी वस्तु से उसके पेट और सीने पर दबाव डालकर उसकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही कलंबोली पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। उसे शुक्रवार को पनवेल कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस इस जघन्य अपराध के पीछे के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button