महाराष्ट्र के नांदेड़ में दिल दहला देने वाली घटना, दो सगे भाइयों ने माता-पिता की हत्या के बाद की आत्महत्या

नांदेड़ में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत आर्थिक तंगी के चलते दो भाइयों ने उठाया खौफनाक कदम माता-पिता की हत्या के बाद ट्रेन से कटकर की आत्महत्या

Maharashtra: महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले से एक बेहद चौंकाने और दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि दो सगे भाइयों ने पहले अपने ही माता-पिता की हत्या कर दी और इसके बाद खुद भी ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। यह घटना मुदखेड तहसील के ज्वाला मुरहर गांव की है। पुलिस के अनुसार, मृतक माता-पिता की पहचान रमेश सोनाजी लखे (51) और उनकी पत्नी राधाबाई लखे (45) के रूप में हुई है। वहीं, इस वारदात को अंजाम देने वाले दोनों बेटों की पहचान उमेश (25) और बजरंग (23) के तौर पर हुई है। पुलिस ने बताया कि माता-पिता के शव उनके घर में एक ही पलंग पर मिले, जबकि दोनों बेटों के शव गांव से कुछ दूरी पर मुगत रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर बरामद किए गए।

 

आर्थिक तंगी बनी वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह पूरी घटना आर्थिक तंगी की वजह से हुई। बताया जा रहा है कि मृतक पिता लंबे समय से लकवे की बीमारी से पीड़ित थे, जिसके कारण परिवार पर आर्थिक बोझ बढ़ गया था। इसी तनाव में आकर दोनों बेटों ने यह खौफनाक कदम उठाया। पुलिस के मुताबिक, जब माता-पिता घर में सो रहे थे, उसी दौरान दोनों बेटों ने उनका गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद वे सीधे रेलवे ट्रैक पर पहुंचे और ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। एक ही घर से चार अर्थियां उठने से गांव में मातम पसरा है और लोग इस घटना से स्तब्ध हैं।

Related Articles

Back to top button