इटैलियन पत्रकार की रिहाई पर सस्पेंस, एलन मस्क की भूमिका को लेकर अटकलें तेज

ईरान की जेल से सेसिलिया साला की रिहाई, पर्दे के पीछे डील की चर्चा एलन मस्क की कथित भूमिका पर सवाल, न्यूयॉर्क टाइम्स का बड़ा दावा तेहरान का इनकार, इटली-अमेरिका-ईरान कूटनीति पर नजर

Elon musk: ईरान की जेल से इटैलियन पत्रकार सेसिलिया साला की रिहाई के बाद टेक अरबपति एलन मस्क की कथित भूमिका को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि ईरान ने इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए इसे “मीडिया की बनाई हुई कहानी” बताया है। 29 वर्षीय पत्रकार सेसिलिया साला को दिसंबर महीने में ईरान में गिरफ्तार किया गया था। उस समय माना जा रहा था कि उन्हें लंबे समय तक हिरासत में रखा जा सकता है। लेकिन पिछले हफ्ते अचानक उनकी रिहाई हो गई। इसी दौरान इटली द्वारा एक ईरानी इंजीनियर को छोड़े जाने की खबर सामने आई, जिसके बाद दोनों घटनाओं को जोड़कर बैकचैनल डील की अटकलें लगाई जाने लगीं।

 

बॉयफ्रेंड ने एलन मस्क से लगाई मदद की गुहार

सेसिलिया साला के बॉयफ्रेंड और पत्रकार डेनिएले रैनिएरी ने एक इंटरव्यू में बताया कि उन्होंने एलन मस्क से मदद मांगी थी। रैनिएरी के मुताबिक, उन्हें यह जानकारी मिली थी कि मस्क के ईरानी राजनयिकों से संपर्क हैं। इसके बाद 29 दिसंबर को उन्होंने मस्क के करीबी और इटैलियन कंप्यूटर एक्सपर्ट एंड्रिया स्ट्रोपा के जरिए संपर्क किया। एंड्रिया स्ट्रोपा ने इस बात की पुष्टि की कि उन्होंने मस्क तक यह अनुरोध पहुंचाया था और मस्क ने इसे स्वीकार भी किया था। हालांकि स्ट्रोपा का कहना है कि इसके बाद मस्क ने क्या किया, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।

 

न्यूयॉर्क टाइम्स का दावा, मस्क ने निभाई भूमिका

न्यूयॉर्क टाइम्स ने दो ईरानी अधिकारियों, जिनमें एक वरिष्ठ राजनयिक भी शामिल है, के हवाले से दावा किया है कि एलन मस्क ने संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत अमीर सईद इरवानी से संपर्क कर साला की रिहाई में मदद की थी। रिपोर्ट के अनुसार, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात के बाद मस्क ने एक बार फिर ईरानी राजदूत से संपर्क किया। मेलोनी ने साला की रिहाई को “ईरान, इटली और अमेरिका के बीच कूटनीतिक तालमेल” का नतीजा बताया है।

 

गिरफ्तारी से पहले भी हुई थी मस्क और ईरानी राजदूत की मुलाकात

दिलचस्प बात यह है कि सेसिलिया साला की गिरफ्तारी से कुछ हफ्ते पहले नवंबर में एलन मस्क और ईरान के राजदूत अमीर सईद इरवानी की कथित मुलाकात हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि उस दौरान अमेरिका-ईरान तनाव जैसे संवेदनशील मुद्दों पर चर्चा हुई थी। एलन मस्क के डोनाल्ड ट्रंप और जॉर्जिया मेलोनी से करीबी रिश्तों ने उनकी इस पूरी घटना में पर्दे के पीछे की भूमिका को लेकर संदेह और गहरा कर दिया है। सेसिलिया साला को 8 जनवरी को रिहा किया गया था। इसके चार दिन बाद इटली ने ईरानी इंजीनियर मोहम्मद अबेदिनी नजफाबादी को भी रिहा कर दिया। अमेरिका ने उस पर ड्रोन तकनीक के जरिए मिलीशिया की मदद करने का आरोप लगाया था।

 

ईरान ने सिरे से किया एलन मस्क की भूमिका से इनकार

ईरान ने सार्वजनिक रूप से एलन मस्क की किसी भी भूमिका से इनकार किया है। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने इन रिपोर्ट्स को “कहानी और मीडिया की कल्पना” करार दिया। वहीं बाइडेन प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस अदला-बदली की आलोचना करते हुए कहा कि अमेरिका को न तो पहले से इसकी जानकारी दी गई थी और न ही उससे कोई सलाह ली गई। राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रवक्ता जॉन किर्बी ने इसे “पूरी तरह से इटली का फैसला” बताया। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भी एलन मस्क की भूमिका की पुष्टि नहीं की। उन्होंने कहा, “अगर एलन मस्क की इसमें कोई भूमिका रही हो, तो मुझे इसकी जानकारी नहीं है।”

Related Articles

Back to top button