पश्चिम बंगाल के राज्यपाल को धमकी, सियासत गरमाई
राज्यपाल सीवी आनंद बोस को धमकी भरा ईमेल, सुरक्षा बढ़ाई गई भाजपा का ममता बनर्जी पर हमला, कानून-व्यवस्था पर सवाल राज्य पुलिस और CRPF अलर्ट, आधी रात को हुई उच्चस्तरीय बैठक

TMC: पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस को धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इस मामले को लेकर भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच बयानबाज़ी शुरू हो गई है। भाजपा नेता अमित मालवीय ने इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी के शासन में राज्यपाल तक सुरक्षित नहीं हैं और पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है। मालवीय ने आरोप लगाया कि गृह मंत्री ममता बनर्जी कोयला तस्करी और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपी एक निजी फर्म को बचाने में लगी हुई हैं और इसी के चलते ईडी से जुड़ी फाइलें छीनी गईं। अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि “ममता बनर्जी एक आपदा हैं।”
‘उड़ा देंगे’ लिखकर भेजा गया धमकी भरा मेल
बताया जा रहा है कि राज्यपाल सीवी आनंद बोस को ईमेल के ज़रिये ‘उड़ा देंगे’ जैसी धमकी दी गई। इसके बाद राज्यपाल की सुरक्षा तुरंत बढ़ा दी गई है। इस पूरे मामले की जानकारी केंद्रीय गृह मंत्री को भी दे दी गई है। राज्यपाल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राज्य पुलिस और सीआरपीएफ मिलकर काम कर रहे हैं। सुरक्षा को लेकर आधी रात को उच्चस्तरीय बैठक भी हुई, ताकि किसी भी तरह की चूक न हो।



