अमेरिका की बड़ी सौगात: पाकिस्तान को 686 मिलियन डॉलर का F-16 अपग्रेड पैकेज मंजूर
अमेरिका ने पाकिस्तान को 686 मिलियन डॉलर का बड़ा रक्षा पैकेज दिया F-16 जेट्स के लिए एडवांस टेक्नोलॉजी और लॉजिस्टिक सपोर्ट होगा शामिल अपग्रेड के बाद पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों की उम्र 2040 तक बढ़ जाएगी

बलूचिस्तान की खदानों पर पकड़ बनाने के बाद अमेरिका अब पाकिस्तान के और करीब आता दिख रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, खनिजों पर नियंत्रण मिलने के बाद अमेरिका लगातार पाकिस्तान पर मेहरबान है। इसी कड़ी में अमेरिका ने पाकिस्तान को 686 मिलियन डॉलर कीमत के F-16 फाइटर जेट्स के लिए एडवांस टेक्नोलॉजी और सपोर्ट पैकेज को मंजूरी दे दी है। डॉन न्यूज के अनुसार, अमेरिकी रक्षा सुरक्षा सहयोग एजेंसी (DSCA) ने यह मंजूरी कांग्रेस को भेजे गए अपने पत्र में दी। इससे ठीक एक दिन पहले ही अमेरिका बलूचिस्तान की खदानों में खनन के लिए 1.25 अरब डॉलर का पैकेज जारी कर चुका है।
F-16 पैकेज में क्या-क्या मिलेगा?
अमेरिका के इस पैकेज में शामिल हैं: लिंक-16 सिस्टम, क्रिप्टोग्राफिक डिवाइस, एवियोनिक्स अपडेट, ट्रेनिंग और ज़रूरी लॉजिस्टिकल सपोर्ट, DSCA का कहना है कि यह कदम पाकिस्तान को “आतंकवाद विरोधी अभियानों और भविष्य की सैन्य जरूरतों में अमेरिका व उसके सहयोगी देशों के साथ बेहतर तालमेल” में मदद करेगा। यह पैकेज पाकिस्तान के F-16 बेड़े को और मॉडर्न बनाने के लिए दिया जा रहा है।
2040 तक बढ़ जाएगी F-16 की उम्र
पत्र में बताया गया है कि ब्लॉक-52 और मिड-लाइफ अपग्रेड वाले F-16 फाइटर जेट्स को अपग्रेड करने से उनकी उम्र करीब 15 साल बढ़कर 2040 तक हो जाएगी। इन अपग्रेड्स से पाकिस्तानी वायुसेना और अमेरिकी वायुसेना के बीच संचालन, अभ्यास और ट्रेनिंग के दौरान इंटरऑपरेबिलिटी और भी मजबूत होगी। इसके साथ ही अमेरिका का दावा है कि पाकिस्तान इस तकनीक को अपनाने और अपनी सेना में शामिल करने में सक्षम है।
अमेरिका का दावा— “F-16 बेड़ा रहेगा सुरक्षित और प्रभावी”
अमेरिका ने कहा कि इस डील से क्षेत्रीय सैन्य संतुलन में कोई बदलाव नहीं आएगा। कुल 686 मिलियन डॉलर के इस पैकेज में: 37 मिलियन डॉलर के प्रमुख रक्षा उपकरण, 649 मिलियन डॉलर की अन्य सेवाएँ शामिल हैं। अमेरिका का कहना है कि यह फैसला उसकी विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा के हितों को भी मजबूत करता है। साथ ही पाकिस्तान के F-16 बेड़े को सुरक्षित और प्रभावी बनाए रखने में मदद करेगा।



