IndiGo ने यात्रियों को दिया बड़ा राहत पैकेज, फंसे यात्रियों को मिलेंगे 10,000 रुपये तक के वाउचर
IndiGo ने 3 से 5 दिसंबर के ऑपरेशनल संकट पर बड़ा फैसला लिया। घंटों एयरपोर्ट पर फंसे यात्रियों को मिलेगा 10,000 रुपये तक का वाउचर। एयरलाइन ने रिफंड और सहायता प्रक्रिया तेज करने का दावा भी किया।

दिसंबर की शुरुआत में इंडिगो की फ्लाइट्स कैंसिल और डिले होने से यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। कई लोग घंटों एयरपोर्ट पर फंसे रहे, जिसकी वजह से उनका पूरा ट्रैवल प्लान बिगड़ गया। अब एयरलाइन ने उन यात्रियों के लिए बड़ा राहत पैकेज घोषित किया है।
IndiGo का मुआवज़ा पैकेज
कंपनी ने बताया कि 3 से 5 दिसंबर के बीच ऑपरेशनल समस्याओं के चलते एयरपोर्ट पर घंटों फंसे यात्रियों को 10,000 रुपये तक का ट्रैवल वाउचर दिया जाएगा। यह वाउचर अगले 12 महीनों तक किसी भी IndiGo फ्लाइट में इस्तेमाल किया जा सकता है। यानी जिन यात्रियों का सफर बिगड़ गया था, उनके लिए यह फैसला बड़ी राहत है।
एयरलाइन का बयान
IndiGo ने कहा कि उसका पहला फोकस हमेशा यात्रियों की सुविधा पर रहता है। एयरलाइन के मुताबिक, कैंसिल हुई फ्लाइट्स के सभी रिफंड प्रोसेस किए जा चुके हैं। जिन लोगों ने टिकट ट्रैवल एजेंसी या किसी अन्य प्लेटफॉर्म से बुक किए थे, उनके मामले भी तेजी से निपटाए जा रहे हैं। कंपनी ने ऐसे यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे अपने विवरण customer.experience@goindigo.in पर भेजें ताकि उनकी समस्या तुरंत हल की जा सके।
सबसे ज्यादा परेशानी 3–5 दिसंबर को
IndiGo ने माना कि 3, 4 और 5 दिसंबर को एयरपोर्ट पर भारी भीड़ की वजह से यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। कई लोग कई-कई घंटे वहीं फंसे रहे थे। एयरलाइन ने कहा कि ऐसे “severely impacted” यात्रियों को 10,000 रुपये के ट्रैवल वाउचर दिए जाएंगे। दिलचस्प बात यह है कि यह वाउचर सरकार की ओर से मिलने वाले मुआवज़े से अलग है। नियमों के मुताबिक, अगर फ्लाइट उड़ान से 24 घंटे पहले कैंसिल हो जाती है तो यात्रियों को 5,000 से 10,000 रुपये तक का मुआवज़ा मिलता है। मतलब—कई यात्रियों को डबल फायदा मिल सकता है।
आगे ऐसी स्थिति दोबारा नहीं—IndiGo
एयरलाइन ने कहा कि वह यात्रियों को सुरक्षित, स्मूथ और भरोसेमंद यात्रा अनुभव देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो इसके लिए बड़े स्तर पर सुधार किए जा रहे हैं।



