समस्तीपुर में शराब माफिया की बड़ी चोरी पकड़ी, तहखाने से 1132 लीटर शराब बरामद
समस्तीपुर में अवैध शराब का बड़ा जखीरा पकड़ा गया। इकड़ी के खेत में जमीन के अंदर तहखाना मिला। दो तस्कर गिरफ्तार, विदेशी शराब के कार्टन जब्त।

बिहार के समस्तीपुर में शराब माफिया अब भी धड़ल्ले से अवैध शराब का कारोबार कर रहे हैं, लेकिन उत्पाद एवं मध निषेध विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई की। कर्पूरीग्राम और विभूतिपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी के दौरान कुल 1132 लीटर शराब बरामद की गई है।
कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र – इकड़ी के खेत में तहखाना
कर्पूरीग्राम के बाघी गांव में छापेमारी के दौरान पुलिसकर्मी हैरान रह गए, जब उन्हें इकड़ी के खेत में जमीन के अंदर एक तहखाना मिला। इस तहखाने में 586 लीटर शराब छिपाकर रखी गई थी। ऊपर से यह जगह सामान्य खेत की तरह दिखती थी, जिससे किसी को इसकी भनक नहीं लगती थी।
विभूतिपुर थाना क्षेत्र – विदेशी शराब के कार्टन बरामद
विभूतिपुर में की गई छापेमारी में 546 लीटर शराब के साथ दो शराब तस्कर भी गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने विभिन्न ब्रांड की महंगी विदेशी शराब के कई कार्टन जब्त किए। उत्पाद अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इस तरह के चालाकी से छिपाए गए तहखानों के पकड़े जाने से शराब माफियाओं के हौसले पस्त हुए हैं, और आने वाले समय में ऐसे अभियान और तेज किए जाएंगे।



