टीना डाबी के सलामी वाले वीडियो पर बवाल, ट्रोलिंग के बाद जिला कलेक्टर ने दी सफाई

गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान जिला कलेक्टर टीना डाबी का वीडियो वायरल सलामी के वक्त कुछ सेकंड के लिए उल्टी दिशा में नजर आईं टीना डाबी ट्रोलिंग के बाद टीना डाबी ने पूरे मामले पर दी अपनी सफाई

Tina dabi: राजस्थान के बाड़मेर जिला कलेक्ट्रेट परिसर में 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस का कार्यक्रम पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ आयोजित किया गया। ध्वजारोहण के बाद सलामी का क्रम शुरू हुआ, इसी दौरान जिला कलेक्टर टीना डाबी कुछ सेकंड के लिए विपरीत दिशा में सलामी देती नजर आईं। पीछे खड़े एक जवान के इशारे पर उन्होंने तुरंत अपनी दिशा ठीक कर ली। इस छोटे से पल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही टीना डाबी को ट्रोल किया जाने लगा। अब इस पूरे मामले पर उन्होंने खुद सफाई दी है।

 

गणतंत्र दिवस पर हुआ कार्यक्रम

गणतंत्र दिवस के अवसर पर बाड़मेर जिले में राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिला। जिला कलेक्टर टीना डाबी ने पहले अपने सरकारी आवास पर झंडा फहराया, इसके बाद वे जिला कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचीं। यहां अधिकारी, कर्मचारी और स्कूली बच्चे पहले से मौजूद थे। राष्ट्रगान की तैयारी के बीच तिरंगा फहराया गया और सलामी दी जा रही थी। इसी दौरान कुछ सेकंड के लिए टीना डाबी की दिशा उल्टी हो गई, लेकिन तुरंत उन्होंने खुद को संभालते हुए सही दिशा में सलामी दी।

 

सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल

मौके पर मौजूद लोगों ने इस घटना को सामान्य मानते हुए कोई खास ध्यान नहीं दिया, लेकिन जैसे ही वीडियो सोशल मीडिया पर आया, कुछ ही घंटों में वायरल हो गया। X, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर कई लोगों ने आलोचना शुरू कर दी। कुछ ने इसे अनादर बताया तो कुछ ने UPSC टॉपर होने पर सवाल खड़े किए।

 

टीना डाबी की सफाई

इस पूरे विवाद पर टीना डाबी ने मीडिया से बातचीत में अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि कलेक्ट्रेट परिसर में झंडा फहराते समय उनके दोनों ओर कर्मचारी खड़े थे, जिन्हें देखते हुए वे स्वाभाविक रूप से थोड़ी तिरछी हो गई थीं। अगले ही पल उन्होंने घूमकर सही दिशा में खड़े होकर सलामी दी।

 

मानवीय भूल बताया

टीना डाबी ने इसे एक मानवीय भूल बताते हुए कहा कि इसमें किसी भी तरह से राष्ट्रध्वज के प्रति अनादर नहीं था। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस जैसे बड़े आयोजन में व्यस्तता के बीच छोटी-मोटी गलतियां हो सकती हैं, लेकिन अहम बात यह है कि उसे तुरंत सुधार लिया गया।

 

पहले से चर्चा में रहती हैं टीना डाबी

UPSC 2015 की टॉपर और बाड़मेर की जिला कलेक्टर के रूप में टीना डाबी पहले से ही चर्चा में रहती हैं। उनके काम की सराहना भी होती है और कई बार छोटी-छोटी बातें भी बड़ी बहस का मुद्दा बन जाती हैं। इस बार भी ऐसा ही देखने को मिला।

Related Articles

Back to top button