आगरा में प्रेमिका की निर्मम हत्या, 12 घंटे में आरोपी प्रेमी गिरफ्तार
शक के चलते युवक ने अपनी प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी शव के टुकड़े कर अलग-अलग जगहों पर फेंके, इलाके में फैली सनसनी पुलिस ने 12 घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक युवक ने शक के चलते अपनी प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, मृतका और आरोपी युवक एक ही प्राइवेट कंपनी में काम करते थे। आरोपी को शक था कि युवती के अन्य लोगों से भी संबंध हैं। इसी शक ने उसे इस हद तक अंधा कर दिया कि उसने हत्या जैसी खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया।
शव के किए कई टुकड़े, अलग-अलग जगह फेंके
जानकारी के अनुसार, आरोपी विनय राजपूत ने युवती की हत्या करने के बाद शव के कई टुकड़े कर दिए। उसने सिर और पैर चाकू से अलग किए और शव को बोरे में भरकर अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया। युवती का धड़ यमुना पुल के पास जबकि सिर झरना नाले में फेंका गया। शनिवार शाम को एत्माद्दौला पुल के पास एक बोरे में युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज की।
सीसीटीवी की मदद से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए CP दीपक कुमार के निर्देश पर डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास की अगुवाई में चार विशेष टीमें गठित की गईं। सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



