ईरान को ट्रंप की बड़ी चेतावनी, होर्मुज जलडमरूमध्य रोकने पर ‘20 गुना जवाब’ की धमकी

होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर ट्रंप की कड़ी चेतावनी ईरान पर ‘20 गुना जवाब’ देने की बात कही मिडिल ईस्ट में बढ़ सकता है तनाव

वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर कड़ा बयान दिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल की आपूर्ति को रोकने की कोशिश की, तो अमेरिका की प्रतिक्रिया बेहद सख्त होगी। ट्रंप ने कहा कि ऐसी स्थिति में ईरान पर अब तक के मुकाबले कई गुना ज्यादा तेज और बड़ा हमला किया जा सकता है।

 

ट्रुथ सोशल पर दी चेतावनी

डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि अगर ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल के प्रवाह को रोकने का कोई भी कदम उठाया, तो अमेरिका की ओर से अब तक हुए हमलों से 20 गुना ज्यादा तेज कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अमेरिका ऐसे लक्ष्यों को निशाना बनाएगा जिन्हें आसानी से नष्ट किया जा सकता है, जिससे ईरान को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

 

‘मौत, आग और क्रोध’ की बात

ट्रंप ने अपने बयान में कहा कि अगर हालात बिगड़ते हैं तो ईरान पर “मौत, आग और क्रोध” का कहर टूट सकता है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें उम्मीद है कि ऐसी नौबत नहीं आएगी और हालात काबू में रहेंगे। ट्रंप ने यह भी कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य से दुनिया के कई देश, खासकर चीन, बड़ी मात्रा में तेल का परिवहन करते हैं। ऐसे में अगर वहां किसी तरह की रुकावट आती है, तो उसका असर वैश्विक स्तर पर पड़ेगा।

 

पहले भी दे चुके हैं सख्त बयान

इससे पहले भी ट्रंप ईरान को लेकर सख्त रुख दिखा चुके हैं। उन्होंने कहा था कि अमेरिका ने ईरान के खिलाफ कई मामलों में बढ़त हासिल की है, लेकिन अभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है। ट्रंप के मुताबिक अगर समय रहते कार्रवाई नहीं की जाती, तो ईरान क्षेत्र में बड़ा हमला कर सकता था। उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान के पास बड़ी संख्या में मिसाइलें हैं और वह मिडिल ईस्ट तथा इजरायल पर हमला करने की तैयारी में था। ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान के पास परमाणु हथियार होते, तो स्थिति और भी खतरनाक हो सकती थी।

Related Articles

Back to top button