सुंदरगढ़ में तनाव के बाद सख्त प्रशासनिक कदम
संदिग्ध खाद्य पदार्थ मिलने के बाद सुंदरगढ़ में तनाव 24 घंटे के लिए इंटरनेट बंद, पूरे शहर में धारा 163 लागू पुलिस तैनात, प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की

Bhubaneswar news: ओडिशा के सुंदरगढ़ शहर में एक घर से संदिग्ध खाद्य पदार्थ मिलने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए गुरुवार शाम 6 बजे से पूरे शहर में 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं। इसके साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बीएनएस की धारा 163 भी लागू कर दी गई है।
स्थिति नियंत्रण में है: जिलापाल
सुंदरगढ़ के जिलापाल शुभंकर मोहपात्रा ने बताया कि मुख्य मार्केट में हुई हिंसा पर काबू पा लिया गया है। उन्होंने कहा, “स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की व्यापक तैनाती की गई है। अफवाहों को रोकने के लिए इंटरनेट सेवाएं अस्थायी रूप से बंद की गई हैं। आम जनता से अपील है कि किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।” उन्होंने यह भी कहा कि आगे शांति समिति की बैठक बुलाकर मामले का समाधान निकाला जाएगा।
उग्र भीड़ ने की तोड़फोड़, वाहन फूंके
जानकारी के अनुसार, रीजेंट मार्केट इलाके से आई एक समुदाय की उग्र भीड़ ने नारी कल्याण केंद्र के पास स्थित एक घर में तोड़फोड़ की। इस दौरान एक पिकअप वैन में आग लगा दी गई, जबकि एक कार और एक स्कूटी को भी नुकसान पहुंचाया गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और हालात पर नियंत्रण पाया। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
डीआईजी का बयान
डीआईजी ब्रजेश राय ने कहा कि संदिग्ध खाद्य पदार्थ को लेकर सुंदरगढ़ के मुख्य बाजार में विवाद शुरू हुआ था। सूचना मिलते ही अतिरिक्त एसपी और एसडीपीओ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया, “पुलिस के पहुंचने पर दोनों पक्ष बातचीत कर रहे थे, लेकिन अचानक फिर से हिंसा भड़क गई और पत्थरबाजी शुरू हो गई। पुलिस ने हस्तक्षेप कर हालात संभाले और दोनों पक्षों से संवाद किया।” डीआईजी ने बताया कि इलाके में 10 प्लाटून सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं और शांति समिति की बैठक बुलाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने आम लोगों से शांति बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की गड़बड़ी से सख्ती से निपटा जाएगा।



